बोर्ड परीक्षा की उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन का कार्य गुरुवार को भी नहीं हो सका। वहीं पूर्व शिक्षक विधायक लवकुश कुमार मिश्रा के नेतृत्व में सैकड़ों टीचरों ने दोनों मूल्यांकन केंद्रों में हंगामा काटा। उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन कर रहे कतिपय शिक्षक भी उत्तर पुस्तिकाओं के बंडल जमाकर संघर्ष में शामिल हो गए।
बोर्ड परीक्षाओं की उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन कार्य चौथे दिन गुरुवार को भी प्रभावित रहा। इस्लामियां इंटर कालेज में पूर्व शिक्षक विधायक लवकुश कुमार मिश्रा ने टीचरों से कहा कि सरकार टीचरों से किए गए वादे पूरे नहीं कर रही है।
वित्तविहीन माध्यमिक विद्यालयों में कार्यरत टीचरों को जब तक मानदेय नहीं दिया जाता मूल्यांकन कार्य नहीं किया जाएगा। इसके साथ ही सीटी ग्रेड से एलटी ग्रेड की विसंगतियों व वर्ष 2005 से नियुक्त टीचरों को पुरानी पेंशन योजना बहाल करने तक आरपार की लड़ाई लड़े जाने की बात कही।
शिक्षक संघ के प्रांतीय सदस्य लखनलाल जोशी ने वित्त विहीन टीचरों की मांगो के समर्थन में एकजुट होकर सभी संगठनों को सहयोग करने की बात कही। जयप्रकाश त्रिपाठी ने टीचरों में जोश का संचार किया। संघ के पूर्व जिलाध्यक्ष गजेंद्र सिंह ने टीचरों की एकजुटता पर जोर दिया।
प्रांतीय महामंत्री जगदीश प्रसाद व्यास ने कहा कि इस संकट की घड़ी में हम सबको एक साथ मिलकर लड़ना होगा। कतिपय कुछ टीचरों ने उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन करने का प्रयास किया। लेकिन टीचरों के दबाव में उन्होंने कापियों के बंडल वापस जमा कर दिए।