सदर अस्पताल में विनोद का मेडिकल करती पुलिस।
- फोटो : amar ujala
मुख्यालय के गौरादेवी नई बस्ती मोहल्ले में विधुर देवर से शादी कर दोबारा घर बसाना 50 वर्षीय वृद्धा को महंगा पड़ गया। मंगलवार को वृद्धा के दोनों पुत्रों ने उसके साथ जमकर मारपीट की और उपहार में मिला समान सड़क पर फेंक दिया। पुलिस दोनों युवकों को पकड़ लाई है और मेडिकल कराया है।
गौरादेवी नई बस्ती मोहल्ला निवासी कमलेश के पति प्रेमनारायण निषाद की करीब तीन साल पूर्व मौत हो चुकी है। वहीं प्रेमनारायण के भाई गुड्डन की पत्नी का भी निधन हो चुका है। इस पर देवर गुड्डन और भाभी कमलेश ने 23 फरवरी को सुमेरपुर कस्बे में आयोजित मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह सम्मेलन में शादी कर ली थी। इस दौरान प्रशासन की ओर से दहेज का सामान भी दिया गया। हालांकि देवर और भाभी अभी अपने-अपने मकान में रह रहे हैं। मंगलवार को सूरत से डेढ़ साल बाद घर लौटे कमलेश के पुत्र राहुल, प्रदीप व अरविंद को बडे़ भाई विनोद ने शादी की जानकारी दी।
इस पर बेटों ने हंगामा शुरू कर दिया। बेटे मां से विवाद करने लगे। इसके बाद बेटों ने शराब पीकर घर में रखा दहेज का सामान सड़क पर फेंक दिया। कमलेश के साथ मारपीट की और उसे चाचा के घर में रहने को कहा। इस घटना को लेकर मोहल्ले में लोग इकट्ठा हो गए। सूचना पर यूपी 100 और कोतवाली पुलिस पहुंच गई। पुलिस कमलेश के बेटों को कोतवाली ले आई। नशे में धुत होने पर पुलिस ने विनोद और राहुल का मेडिकल कराया है। राहुल ने बताया कि उन्होंने पिछले साल बहन रोशनी की शादी की है। जिसमें उन पर डेढ़ लाख रुपये का कर्ज है। इसी के चलते वह तीन भाई सूरत कमाने के लिए पिछले डेढ़ साल से मजदूरी कर रहे हैं। कोतवाल शैल कुमार सिंह ने कहा कि मां की तहरीर पर दो बेटों विनोद और राहुल के खिलाफ मारपीट का मामला दर्ज किया जा रहा है।