पीएम हाउस में बैठे मृतक चालक के परिजन।
- फोटो : Amar ujala
कोहरे के चलते शनिवार रात कानपुर-सागर राष्ट्रीय राजमार्ग-86 में गहबरा चौकी के निकट दो ट्रकाें की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। इसमें एक ट्रक के चालक की स्टेयरिंग में फंस जाने से मौत हो गई। चालक कानपुर नगर का रहने वाला था। उसे कड़ी मशक्कत के बाद ट्रक की केबिन से बाहर निकाला गया। दूसरे ट्रक के चालक व खलासी भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं। इन्हें कस्बे के सरकारी अस्पताल में लाया गया। इन्हें सीएचसी से प्राथमिक उपचार के बाद बाहर रेफर किया गया है।
शनिवार रात हाईवे पर कानपुर से ट्रक कबरई गिट्टी भरने जा रहा था। उधर, कबरई से एक अन्य ट्रक गिट्टी भरकर आ रहा था। गहबरा चौकी के निकट लगभग तीन बजे सुबह कोहरे के चलते दोनों ट्रक आमने सामने टकरा गए। इससे ट्रक चालक सुजीत कुमार (22) पुत्र महेंद्र सिंह यादव निवासी चंद्रहंसपुर थाना सचेंडी जिला कानपुर केबिन में ही स्टेयरिंग के बीच फंस गया। वहां मौजूद लोगों ने पुलिस को घटना की सूचना दी।
कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। किसी तरह केबिन को काटकर सुजीत को निकाला गया। उसकी मौत हो चुकी थी। दूसरे ट्रक के चालक कपित ( 24) पुत्र जाहिद निवासी सिंधौली जनपद सीतापुर व खलासी रणजीत (55) पुत्र भगवती बक्शी तालाब लखनऊ को गंभीर चोटें आईं। इन्हें कस्बे के सरकारी अस्पताल लाया गया। जहां से कानपुर रेफर कर दिया। इस घटना की सूचना कानपुर के ट्रक के खलासी नीरज कुमार ने पुलिस में दर्ज कराई है। उसने बताया कि होटल में चाय पीकर वे लोग रवाना हो रहे थे। चालक गाड़ी स्टार्ट करने लगा और तभी दूसरी खिड़की से उसने ट्रक में चढ़ना चाहा। इसी समय सामने से आ रहे ट्रक ने टक्कर मार दी। वह छिटक कर दूर गिरा और चालक स्टेयरिंग में फंस गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।