घटना की जानकारी लेते थानाध्यक्ष रामाश्रय यादव।
- फोटो : अमर उजाला
भरुआसुमेरपुर थानाक्षेत्र के सिमनौड़ी गांव में बीती रात किसी वारदात को अंजाम देने के उद्देश्य से गांव के किनारे खड़े अज्ञात बदमाशों व ग्रामीणों के बीच जमकर हवाई फायरिंग हुई। ग्रामीणों की संख्या बढ़ती देख बदमाश जंगल के रास्ते भाग निकले। रात में मोबाइल नेटवर्क फेल होने पर ग्रामीण पुलिस को सूचना नहीं दे सके। सुबह सूचना मिलने पर थानाध्यक्ष मामले की जांच करने गांव पहुंचे।
बीती रात थानाक्षेत्र के सिमनौड़ी गांव में जूनियर हाईस्कूल के पास जंगल किनारे आधा दर्जन असलहाधारी बदमाश ग्रामीणों को नजर आए। यह बात गांव में आग की तरह फैल गई और कुछ ही देर में सैकड़ों युवक लाठी डंडाें व लाइसेंसी असलहे लेकर कुछेछा मार्ग पर एकत्र हो गए और रात 11 बजे जूनियर हाईस्कूल के समीप पहुंचकर बदमाशों को ललकारा।
ग्रामीणों के आने की भनक लगते ही बदमाशों ने हवाई फायरिंग शुरूकर दी। जिस पर ग्रामीणों ने भी कई राउंड जवाबी फायर किए। जिस पर बदमाश भाग निकले। बदमाशों के भागने पर ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। ग्रामीणों ने थानाध्यक्ष रामाश्रय यादव को घटना से अवगत कराने का प्रयास किया। लेकिन मोबाइल फोन न लगने पर सूचना नहीं दे सके।
रविवार की सुबह घटना की जानकारी मिलने पर थानाध्यक्ष गांव पहुंचे। वहीं ब्लाक प्रमुख जयनारायन सिंह यादव भी गांव पहुंचे और ग्रामीणों से बदमाशों के संबंध में जानकारी लेकर सुरक्षा का भरोसा दिया। गौरतलब हो कि एक पखवारे के अंदर इस गांव में चोरी की कई वारदातें हो चुकीं हैं। जिससे ग्रामीण बेहद चौकन्ना हैं। बताते हैं कि ग्राम प्रधान अरुण कुमार सोनकर की बोलेरो ले जाने का भी प्रयास बदमाश कर चुके हैं।