सड़क के चौड़ीकरण के दायरे में आ रहे मकानों के आगे बने चबूतरों को कार्यदाई संस्था पीएनसी के इंजीनियरों ने जेसीबी से गिरवा दिया। जिसका लोगों ने विरोध किया पर पुलिस फोर्स होने से उनकी एक नहीं चली। लोनिवि के सहायक अभियंता ने बताया कि कालपी चौराहा स्थित देशी शराब ठेका के पास तक ही फोरलेन व डिवाइडर रहेगा। इस स्थान से लक्ष्मीबाई तिराहे तक 10 मीटर सड़क चौड़ी की जाएगी।
गौरतलब हो कि हमीरपुर से कालपी मार्ग को बीते दो वर्ष पूर्व प्रदेश सरकार ने राज्य स्तरीय हाइवे घोषित किया था। फोरलेन का काम लोनिवि ने पीएनसी को दिया। जिसके तहत पीएनसी को जिले में 22 किमी सड़क बनानी है।
अभी तक 21 किमी काम पूरा हो गया है। सिर्फ एक किमी लंबी सड़क को बनाने में लोनिवि के पसीने छूट रहे हैं। मौजूदा समय में फोरलेन का निर्माण मुख्यालय स्थित ईदगाह तक कर लिया गया है।
ईदगाह से शहर की ओर सड़क का चौड़ीकरण करने में निर्माण इकाई परेशान है। सड़क किनारे स्थित मकानों की नापजोख के बाद निर्माण इकाई ने मकान के आगे बढ़ाकर बनाए चबूतरों को तोड़ना शुरू किया तो मकान मालिकों ने जमकर विरोध किया और तर्क दिया कि पीछे से गिराकर आएं तभी वह गिराने देंगे।
इस पर लोनिवि के प्रांतीय खंड के सहायक अभियंता डीडी यादव ने कोतवाल पीके यादव से सुरक्षा व्यवस्था दिए जाने की मांग की। शनिवार को कोतवाली का पुलिस फोर्स पहुंचा।
पुलिस के बीच निर्माण इकाई के इंजीनियरों ने कालपी चौराहे के पास सड़क के चौड़ीकरण के दायरे में आ रहे मकानों के आगे बने चबूतरों को गिरा दिया।
एई ने बताया कि कालपी चौराहा स्थित देशी शराब ठेका के पास तक ही फोरलेन व डिवाइडर रहेगा। इस स्थान से लक्ष्मीबाई तिराहे तक 10 मीटर सड़क चौड़ी की जाएगी।
बताया कि कालपी चौराहा से लक्ष्मीबाई तिराहे तक बनाई जाने वाली सीसी सड़क के लिए टेंडर प्रक्रिया की जानी है। इसी के बाद इसका निर्माण कार्य शुरू होगा।
सहायक अभियंता ने बताया कि एक सप्ताह के भीतर कालपी चौराहे तक सड़क का निर्माण पूरी तरीके से कर लिया जाएगा।