अपने ही माता पिता पर जबरन शादी करने का आरोप लगाने वाली युवती के प्रकरण में नया मोड़ आ गया है। अब लड़की के पिता ने गांव के ही एक युवक पर लड़की को बहकाने की शिकायत की। पुलिस ने थाने में दोनों पक्षों की पंचायत कर मामले को सुलझाया। बहकाने वाले युवक को भी हिदायत दी। तय हुआ कि जब युवती की शादी होगी तब युवक उसकी शादी के लिए 20 हजार रुपये की मदद करेगा।
थाना क्षेत्र के बांधुरबुजुर्ग गांव निवासी एक युवती ने बताया कि वह बीमार रहती है और परिजन 12 जून को उसकी जबरन शादी करा रहे हैं। इससे परेशान होकर वह आठ जून को घर से चली गई थी। युवती ने थाने में अपने माता पिता पर जबरन शादी कराने का आरोप लगाते हुए शिकायत भी की थी। बुधवार को मामले में नया मोड़ आ गया है। लड़की के पिता ने भी थाने में तहरीर देते हुए गांव के ही महेश्वरीदीन उर्फ फद्दल पुत्र स्व. गयादीन प्रजापति पर आरोप लगाया कि उसकी पुत्री उसी के बहकाने पर तमाशा कर रही है। थानाध्यक्ष ने बुधवार को दोनों पक्षों को थाने बुलाकर पंचायत कराई। थानाध्यक्ष सुनील कुमार शुक्ल ने बताया कि युवती ने बीमारी की वजह से शादी से इनकार किया था। आठ जून को अपने किसी परिजन के साथ दवा लेने प्रतापगढ़ गई थी, जहां उसका इलाज चल रहा है। बताया कि युवती के पिता की तहरीर का संज्ञान लेते हुए
फ द्दल को भी थाने बुलाया गया जहां दोनों पक्षों में इस शर्त पर समझौता हुआ कि फ द्दल जब भी युवती की शादी होगी तो 20 हजार की मदद करेगा। भविष्य में लड़की से किसी प्रकार मतलब भी न रखेगा। वहीं थाने में हुए समझौते पर दस्तखत करने वाले ग्रामीणों ने भी फ द्दल को दोषी माना और उसे भविष्य में ऐसा न करने की नसीहत भी दी। लड़की को माता पिता को सौंप दिया गया साथ ही लड़की व मां बाप को शांति के साथ रहने के निर्देश दिए गए। उधर, युवती की मां का कहना था कि उसकी पुत्री बालिग है और वह बालिग होने पर ही उसकी शादी कर रही थी।