जलालपुर थानाक्षेत्र में बेतवा पुल पर पुलिस कर्मचारियों द्वारा की जा रही वसूली का वीडियो वायरल होने के मामले में गुरुवार को यूपी 100 के दरोगा और चालक को लाइन हाजिर किया गया है। जबकि एक सिपाही के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने के आदेश हुआ है। मामले की जांच एसपी ने सीओ सदर को सौंपी है।
जलालपुर थानाक्षेत्र के बेतवा नदी पुल के पास बीती बुधवार सुबह पीआरवी संख्या- 1245 का पूरा स्टाफ अवैध वसूली करते हुए देखा गया। इस बीच किसी राहगीर ने अवैध वसूली का वीडियो बनाकर वायरल कर दिया। इस खबर के चैनल में प्रसारित होने के बाद अधिकारियों की नींद उड़ गई। प्रभारी एसपी लाल साहब यादव ने बताया कि पूरे प्रकरण की प्रारंभिक जांच रिपोर्ट जलालपुर थानाध्यक्ष शिवमूरत यादव से मांगी गई थी।
इसके बाद गुरुवार को पीआरवी 1245 के दरोगा रामबिलास शुक्ला और चालक अरुण कुमार को लाइन हाजिर किया गया है। देर शाम एसपी ने सिपाही निहालुद्दीन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने के आदेश दिए गए हैं। इनके स्थान पर पुलिस लाइन से आरक्षी मोहम्मद फारुख, चालक असलम व सिपाही अरुण की तैनाती की गई है। पूरे प्रकरण की जांच सदर सीओ रजनीश उपाध्याय को सौंपी गई है। जांच रिपोर्ट के बाद आगे कार्रवाई की जाएगी। इस मामले में जलालपुर थानाध्यक्ष शिवमूरत का कहना है कि यूपी 100 के जिला प्रभारी वीरेंद्र सिंह की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।