मुख्यमंत्री की महत्वाकांक्षी योजना ग्रीन यूपी क्लीन यूपी के तहत मौदहा बांध में लगाए गए पौधे देखरेख के अभाव में सूखते जा रहे हैं। शुक्रवार को वन विभाग की तीन सदस्यीय जांच कमेटी ने यहां का निरीक्षण किया। जांच के दौरान पर्याप्त खाद का प्रयोग न किए जाने की बात सामने आई। इस पर टीम के सदस्यों ने अवर अभियंता मौदहा बांध को आवश्यक दिशा निर्देंश दिए।
मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने ग्रीन यूपी क्लीन यूपी के तहत प्रदेश में एक दिन में 10 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य रखा था। 7 नवंबर को सीएम अखिलेश यादव ने अति पिछड़े मुस्करा ब्लाक में स्थित मौदहा बांध की जमीन पर 2 लाख 56 हजार पौधे लगानेे का लक्ष्य रखा था। सीएम ने यहां पौधारोपण कर कार्यक्रम की शुरुआत की। लेकिन संबंधित अधिकारियों की लापरवाही के चलते इस मिशन को ग्रहण लग गया।
शुक्रवार को अपर प्रमुख वन संरक्षण लखनऊ ए.के. द्विवेदी, मुख्य वन संरक्षक बरेली एम.पी. सिंह और मुख्य वन संरक्षक झांसी सीबी. नाथ की टीम ने पौधों का निरीक्षण किया। जांच दल ने निरीक्षण के बाद बताया कि पौधों को लगाने में पर्याप्त खाद का उपयोग नहीं किया गया।
वहीं आगे वाली पंक्तियों के पौधों में आवश्यकता से अधिक पानी डाला जा रहा है। जबकि पीछे वाले पौधों में पानी ही नहीं डाला जा रहा। जिससे पौधे सूख रहे हैं। टीम ने सुझाव दिया कि मिट्टी के बड़े ढेलों को महीन किया जाए। जिससे पौधों की जड़ें मिट्टी में सही प्रकार बैठ सकें। मौके पर सिंचाई विभाग और वन विभाग के अधिकारी और कर्मचारी रहे।