मौदहा (हमीरपुर)। कसबा स्थित नेशनल इंटर कालेज में रविवार को ठिठुरन भरी सर्दी व कोहरे के बीच एनसीसी कैडेट व छात्रों ने विद्यालय संस्थापक स्वतंत्रता संग्राम सेनानी रामगोपाल गुप्ता व उनके अनुज पूर्व विधायक/प्रबंधक लक्ष्मी नारायण आनंद की जयंती व निर्वाण दिवस एक साथ मनाई। सुबह एनसीसी छात्रों ने प्रभात फेरी निकाली।
नेशनल इंटर कालेज की स्थापना स्वतंत्रता संग्राम सेनानी रामगोपाल गुप्ता उर्फ गोपाल भाई ने की थी। उन्होंने दादा परमानंद, दीवान शत्रुघ्न सिंह, आचार्य कृपलानी के साथ विभिन्न आंदोलनों में भाग लिया।
उन्होंने एक समाचार पत्र का भी गोपनीय तरीके से प्रकाशन किया। जो कभी बांदा से तो कभी गहरौली के मंदिरों से निकाला गया। जिला परिषद के अध्यक्ष रहे, विधायक बने और त्यागपत्र देकर तब के प्रदेश मुख्यमंत्री चंद्रभान गुप्ता को अपनी सीट से चुनाव लड़वाया।
इतना ही नहीं नेशनल इंटर कालेज की स्थापना की। फिर उनके अनुज लक्ष्मीनारायन गुप्ता विद्यालय में प्रधानाचार्य व प्रबंधक भी रहे। सुबह प्रधानाचार्य सरोज कुमार के नेतृत्व में केके व्यास एनसीसी आफीसर तथा एनसीसी छात्रों ने प्रभात फेरी निकाली। कसबा स्थित शहीद स्मारक में सलामी दी और दोनों शहीदों समाधियों पर पुष्पांजलि अर्पित की।
इसके बाद गोपाल हाल में श्रद्धांजलि सभा की अध्यक्षता स्वतंत्रता सेनानी बैजनाथ तिवारी ने की। मुख्य अतिथि विधायक शिवचरन प्रजापति ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस दौरान पूर्व प्राचार्य मेजर परशुराम श्रीवास, वरिष्ठ अधिवक्ता निर्भय सिंह, पूर्व प्रधानाचार्य वीरेंद्र कुमार पांडेय, व्यापारी नेता अरुण अग्रवाल, भाजपा नेता व शिक्षक जगदीश प्रसाद व्यास, सपा नेता इदरीश खान, अध्यापक नेता सुनील कुमार गुप्ता, रमाशंकर गुप्ता सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन केके देहोलिया व जयप्रकाश त्रिपाठी ने किया। रात में कवि सम्मेलन हुआ।