जलालपुर थानाक्षेत्र अंतर्गत महेश्वरी माता मंदिर पूजा करने जा रहे एक दर्जन श्रद्धालुओं को मारपीट और फायरिंग कर हथियारबंद लुटेराें ने नगदी और जेवरात लूट लिए। इसमें चार श्रद्धालु गंभीर रूप से घायल हुए हैं। दो लुटेरों को दबोच लिया गया है। पीड़ितों की तहरीर पर तीन लुटेरों के विरुद्ध लूटपाट का मामला दर्ज किया गया है।
क्षेत्र के भेड़ीडांडा गांव के पास बेतवा नदी किनारे बने मां महेश्वरी माता मंदिर में नवरात्र पर श्रद्धालुओं का जमावड़ा लगता है। रविवार दोपहर रविंद्र गुप्ता निवासी चंडौत थाना जरिया परिवार के साथ बोलेरो से मंदिर जा रहा था। जलालपुर और भेड़ी गांव के बीच सड़क पर बाइक पड़ी होने से उसे हटाने के लिए जैसे ही चालक रवेंद्र निवासी काहटा ने गाड़ी रोकी तो दो हथियारबंद लुटेराें ने उन पर धावा बोल दिया। तमंचे के बल पर उसकी मां फूलारानी, भाभी सुनीता, बहन पार्वती, भतीजी शिवकांती के जेवरात और रविंद्र का मोबाइल, दस हजार नगद और राजू निगम का मोबाइल लेकर भागने लगे।
रविंद्र ने बताया कि विरोध करने पर उन्होंने महिलाओं के साथ मारपीट की। लुटेरों ने एक फायर भी किया। फायर की आवाज सुनकर मंदिर में ड्यूटी कर रही पुलिस मौके पर पहुंची। एक लुटेरे को उसने साथियों की मदद से दबोच लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। घटना की सूचना पर सीओ राजेश पांडेय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने एक अन्य लुटेरे को और दबोच लिया जबकि एक भाग गया। घायलों को सीएचसी सरीला ले जाया गया। थानाध्यक्ष जलालपुर पीके यादव ने बताया कि पीड़ितों की तहरीर पर राहुल ठाकुर, गब्बर सिंह उर्फ रणधीर तथा उसके भाई श्रवण के विरुद्ध लूटपाट का मामला दर्ज किया गया है। राहुल को तमंचे के साथ पहले ही दबोच लिया था। कुछ लूटी गई नगदी व जेवरात बरामद कर लिए गए हैं।