कोतवाली में मौजूद भीड़ को समझाते एसआई सुरजीत।
- फोटो : अमर उजाला
जिला मुख्यालय के समीपवर्ती चंदूपुर गांव में मंदिर के पास स्थित बारातशाला की जमीन पर चंदूपुर गांव के युवक के कब्जा कर मकान बनाने से गुस्साए ग्रामीणों ने सोमवार को कोतवाली का घेराव किया।
ग्रामीणों ने आरोपी युवक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। कोतवाल के आश्वासन के बाद ग्रामीण माने।
चंदूपुर गांव में ग्रामसभा की जमीन पर बने शंकर भगवान के मंदिर के पास में बारातशाला की जमीन है। इस पर गांव के दबंग छोटकवा पुत्र मैका की नियत खराब हो गई। वह जमीन पर कब्जा कर कई दिन से मकान का निर्माण करा रहा था। इसकी शिकायत ग्रामीणों ने 13 अप्रैल को तहसील दिवस में भी की मगर कोई कार्रवाई नहीं हुई और न निर्माण कार्य रुकवाया गया।
ग्रामीणों ने बताया दबंग युवक सोमवार को फिर जमीन पर मकान की दीवार बना रहा था। लोगों ने इसका विरोध किया तो आरोपी सभी को मारने की धमकी देने लगा। इससे नाराज सैकड़ों ग्रामीणों ने शाम को कोतवाली का घेराव किया। कोतवाली में ग्रामीणों की भीड़ देखते ही फोर्स मुस्तैद हो गई। कोतवाल अनूप कुमार ने बताया मंगलवार को तहसीलदार के साथ वह मौके पर जाकर कार्रवाई करेंगे। कोतवाल के आश्वासन पर ग्रामीण कोतवाली का घेराव खत्म कर गांव लौटने को राजी हुए।