मुख्य बाजार में थाने के सामने एक डंफर इंसुलेटेड वायर को फांसकर खींचता चला गया। जिससे डबल पोल टेढ़ा होने के साथ वायर दो टुकड़े हो गए। बिजली चालू होने पर भीड़-भाड़ वाले क्षेत्र में एक बड़ा हादसा टल गया। डंफर का पीछा करके पुलिस ने फैक्ट्री एरिया के पास पकड़ लिया।
हाईवे पर एक डंफर ने गिट्टी उतारने के बाद हाइड्रोलिक को नीचे नहीं किया। डंफर ऊपर की ओर उठा रहा। जैसे ही यह डंफर मुख्य बाजार होते थाने के पास मैथिलीशरण मार्ग की ओर क्रास करने वाली बिजली की इंसुलेटेड वायर के पास पहुंचा तो यह वायर डंफर में फंस गया। लेकिन चालक डंफर रोकने के बजाए खींचता हुआ आगे निकल गया।
जिससे थाने के सामने लगा डबल पोल टेढ़ा हो गया और इंसुलेटेड वायर दो हिस्सों में टूटकर अलग हो गया। विद्युत सप्लाई चालू होने पर केबिल से चिंगारियां निकलने लगी। जिससे इलाके में हड़कंप मच गया और कई लोग बाल-बाल बचे।
घटना के बाद भाग रहे ट्रक को पुलिस ने पीछा कर फैक्ट्री एरिया के पास पकड़ लिया। कसबा इंचार्ज बलवीर सिंह यादव ने बताया कि डंफर चालक शराब के नशे में धुत था। जिसके चलते यह घटना हुई है। आरोपी चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
अवर अभियंता एसपी मिश्रा ने बताया कि केबिल टूटने से समस्या बढ़ गई है। विद्युत सप्लाई देने के लिए काम शुरू कर दिया गया है।