खेत की जुताई कराते समय हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर
गिरने से किसान की चपेट में आकर दर्दनाक मौत हो गई। खेत में चर रही दो
गायें भी तार की चपेट में आकर मर गईं। एसडीएम व सीओ ने मौके पर पहुंचकर
जानकारी ली। लेकिन सूचना के बावजूद बिजली विभाग का कोई भी नुमाइंदा मौके पर
नही पहुंचा। जिससे ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है। पुलिस ने शव कब्जे
में पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
सोमवार को कस्बे का किसान भगवानदीन राजपूत (35) गांव के प्रसाद का ट्रैक्टर
किराए पर लेकर अपने खेत की जुताई करने गया था। ट्रैक्टर चालक सरन खेत की
जुताई कर रहा था। भगवान सिंह खेत में ही टहल रहा था।
तभी अचानक खेड़ा
पावर स्टेशन के सरीला फीडर की बरहरा लाइन से सरकारी नलकूप संख्या-12 व आधा
दर्जन निजी नलकूपों को गई हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर अचानक भगवानदीन के
ऊपर गिर पड़ा।
जिससे करंट की चपेट में आकर उसकी मौके पर ही मौत हो गई। तार
की चपेट में आकर खेत में चर रही रामकरन यादव व संतराम की दुधारू गायों की
भी मौत हो गई। ट्रैक्टर चालक सरन ने इसकी सूचना मृतक के
परिजनों को दी।
घटना की जानकारी पाकर कस्बे के सैकड़ों लोग घटना स्थल पर
पहुंच गए। एसडीएम व सीओ ने भी मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली। सूचना
के बाद भी विभाग का कोई कर्मचारी व अधिकारी मौके पर नहीं आया।
ग्रामीणों ने बताया कि इस लाइन में आठ दिन से फाल्ट
था। आज सुबह 10 बजे करीब विभागीय कर्मचारियों ने इसे अचानक चालू कर दिया।
लाइन काफी दिनों से फाल्ट होने के कारण तार टूटकर गिरा है।
एसडीएम रामयश
गौतम ने बताया कि मृतक किसान को किसान दुर्घटना बीमा व उसकी विधवा को
राष्ट्रीय पारिवारिक लाभ योजना से मदद दिलाई जाएगी। थानाध्यक्ष अमर सिंह
यादव ने बताया कि मृतक के भाई संतोष राजपूत की सूचना पर शव को पोस्टमार्टम
के लिए भेजा हैं।
उधर मृतक किसान के घर में सांत्वना देने वालों का तांता
लगा है। मृतक की पत्नी कमलेश व बेटे अभिषेक, अभिनव व बेटी हिमांशी का
रो-रोकर बुरा हाल है।