मल्हौंवा मार्ग पर मौरंग लदे ट्रैक्टर ने सामने से आ रही बाइक में टक्कर
मार दी। हादसे में बाइक सवार ग्रामीण की मौत हो गई। जबकि उसका बेटा और नाती
गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है। चालक
ट्रैक्टर छोड़कर फरार हो गया।
कोतवाली के बरेल गांव निवासी घनाराम लोधी
(55) पुत्र नत्थू अपने पुत्र रामकुमार और नाती शैलेंद्र के साथ शुक्रवार
की सुबह बाइक से मूंग का बीज खरीदने आए थे। दोपहर करीब 1 बजे तीनों लोग
बाइक पर बैठकर घर लौट रहे थे।
पुत्र रामकुमार बाइक चला रहा था। मल्हौंवा
मार्ग पर नंदराम की बगिया के पास सामने से आ रहे मौरंग लदे बेकाबू ट्रैक्टर
ने बाइक में टक्कर मार दी। तीनों उछलकर सड़क पर गिरकर घायल हो गए।
घटनास्थल पर ही घनाराम की मौत हो गई।
जबकि पुत्र रामकुमार और नाती शैलेंद्र
गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया।
मृतक के बडे़ पुत्र मूलचंद ने थाने में अज्ञात ट्रैक्टर चालक के विरुद्ध
रिपोर्ट दर्ज कराई है।
पुलिस ने ट्रैक्टर को अपने कब्जे में ले लिया। वृद्ध
की मौत पर परिजनों का रोरोकर बुरा हाल था। कोतवाल जगदेव प्रसाद यादव ने
बताया कि ट्रैक्टर चालक की तलाश की जा रही है।