राठ में घटना की जानकारी देते इंजीनियर।
- फोटो : अमर उजाला
कोतवाली क्षेत्र में उरई मार्ग पर बिगवां कुम्हरिया के बीच छह नकाबपोश बदमाशों ने बाइक से राठ आ रहे दो सिविल इंजीनियरों को लूट लिया। बदमाश इंजीनियरों का लैपटॉप, नकदी और मोबाइल लूट कर ले गए। पीड़ितों ने थाने में तहरीर दी है। पुलिस बदमाशों की तलाश में जुट गई। क्षेत्र के रिहुंटा गांव में
33केवीए पावर स्टेशन का निर्माण दिल्ली की एक प्राइवेट कंपनी करा रही है। मंगलवार की दोपहर करीब डेढ़ बजे कंपनी में तैनात सिविल इंजीनियर सुधीर पुत्र रामकृपाल सिंह निवासी नादघाट थाना सलेमपुर जिला देवरिया अपने साथी प्रमोद पुत्र रामविलासी अघ्राडाला रामनगर सीमा जिला सीमन
बिहार के साथ अपने मित्र महेश यादव निवासी राठ से मिलने के लिए आ रहे थे। सुधीर ने बताया कि जब वह उरई मार्ग पर बिगवां और कुम्हरिया गांव के बीच बने भैरव नाला के पास पहुंचे। तभी वहां पहले से खडे़ छह नकाबपोश बदमाशों ने उनकी बाइक रोक ली और तमंचा दिखाते हुए बाइक की चाबी निकाल
ली। बताया कि बदमाशों ने एक लैपटॉप, पर्स, दो मोबाइल लूट लिए। बताया कि पर्स में करीब 7700 रुपये थे। पीड़ितों ने कोतवाली पहुंच पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंच बदमाशों की तलाश की लेकिन नहीं मिले। बताया कि बदमाश तीन बाइकों में थे। कोतवाली के एसएसआई काशीनाथ उपाध्याय ने बताया कि बदमाशों की तलाश की जा रही है। समाचार लिखे जाने तक रिपोर्ट दर्ज नहीं हो सकी थी।