राठ में चोरी गए सामान को देखता दुकानदार अनिल कुमार।
- फोटो : अमर उजाला
कस्बे के मुख्य मार्ग पर इलाहाबाद बैंक के नजदीक चोर मंगलवार रात एक दुकान का ताला तोड़ कंप्यूटर, प्रिंटर, कैमरे और हजारों की नकदी उड़ा ले गए। सुबह जब दुकानदार ने दुकान का ताला टूटा देखा तो हड़कंप मच गया। चोरों ने एक अन्य दुकान का भी ताला तोड़ने का प्रयास किया लेकिन असफल रहे। पीड़ित ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
कस्बे के लुधियातपुरा मल्हौंवा रोड मोहल्ला निवासी अनिल कुमार सैन पुत्र चंद्रभान सैन ने बताया कि वह राठ हमीरपुर मुख्य मार्ग पर इलाहाबाद बैंक के नजदीक ऑनलाइन कंप्यूटर एवं फोटोग्राफी की दुकान किए हुए है। बताया कि रात करीब नौ बजे वह अपनी दुकान बंद कर घर चला गया। रात में चोर दुकान की शटर का ताला तोड़ उसमें रखा एक प्रिंटर, तीन डिजिटल कैमरे, वीडियो कैमरा, दो मोबाइल फोन, एक बूफर और गोलक में रखे करीब तीन हजार रुपये चोरी कर ले गए।
सुबह जब दुकान पहुंच कर देखा तो ताला टूटा पड़ा था। दुकानदार ने बताया कि करीब दो लाख रुपया का सामान चोरी गया है। कोतवाल एचडी सिंह ने बताया कि चोरों की तलाश की जा रही है।