कुरारा थानाक्षेत्र के शिवनी गांव में बीती रात घर में सो रहे सराफा दंपति को नकाबपोश बदमाशों ने अपना शिकार बना लिया। घर के पिछवाड़े से चढ़े बदमाशों ने गृहस्वामी के जागने पर उसे व उसकी पत्नी को तमंचा दिखाकर बंधक बना लिया और फिर जेवरात व नगदी लूट ले गए। पीड़ित ने थाने में तहरीर दी है। पुलिस घटना से इंकार कर रही है।
अभी कुछ साल पहले सड़क किनारे जमीन खरीदकर शिवनी गांव में राठ कस्बे के मूल निवासी हरीराम सोनी ने मकान बनाया है। इसी मकान में वह ज्वैलर्स की दुकान किए है। बीती रात वह खाना खाने के बाद पत्नी के साथ सो गए। इसी बीच रात करीब एक बजे पांच नकाबपोश बदमाश मकान के पीछे से घर में घुस आए।
खटपट की आवाज होने पर हरीराम व उसकी पत्नी की नींद खुल गई तो बदमाशों ने तमंचा दिखाकर बंधक बना लिया। इसके बाद घर में रखी डेढ़ किलो चांदी, 40 ग्राम सोने के जेवरात और 25 हजार रुपये नकदी लूटकर ले गए। घटना की सूचना ग्रामीणों को सुबह हुई। ग्रामीणों ने बंधे पड़े दंपति को छुड़ाया।
पीड़ित हरीराम सोनी ने थाने में बदमाशों के खिलाफ तहरीर दी है। इस मामले में थानाध्यक्ष सुभाष यादव ने बताया कि एसआई को भेजकर मामले की जांच कराई गई है। मकान के आसपास रहने वाले पड़ोसियों से वारदात की जानकारी ली गई। लेकिन कोई भी व्यक्ति घटना के संबंध में कुछ नहीं बता सका। फिर भी वह मामले की जांच करा रहे हैं।