गोदाम की टूटी दीवार देखते केजी अग्रवाल
- फोटो : अमर उजाला
बीती रात चोरों ने पुलिस को चुनौती देते हुए एक बार फिर गल्ला मंडी स्थित एक आढ़त के गोदाम में सेंध लगाकर 25 बोरा तिल चोरी कर लिया। शुक्रवार सुबह जब पड़ोसी आढ़ती ने दीवार में सेंध देखी तो हड़कंप मच गया। इस आढ़त में एक महीने के अंदर चोरी की यह तीसरी घटना है।
कृषि उत्पादन मंडी समिति में पियूष ट्रेडर्स के मालिक बृजेंद्र कुमार गुप्ता पुत्र काशी प्रसाद गुप्ता की 36 नंबर दुकान है। गल्ला व्यापारी बृजेंद्र ने बताया कि दुकान में तिल रखा था। गुरुवार रात चोरों ने उनके गोदाम की दीवार में सेंध लगाकर 25 बोरा तिल चुरा लिया। सुबह पड़ोसी गल्ला आढ़ती मनोज ने दीवार टूटी देखकर उसे जानकारी दी।
बता दें कि गल्ला आढ़ती बृजेंद्र कुमार गुप्ता के गोदाम में चोरी की तीसरी घटना है। इससे पहले 23 जून की रात चोरों ने दीवार तोड़ गोदाम में रखा करीब 15 बोरा तिल चुराया था। इस घटना में व्यापारी ने थाने में अज्ञात चोरों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस ने जांच के नाम पर सिर्फ रस्म अदायगी कर मामला ठंडे बस्ते में डाल दिया।
इसके बाद चोरों ने फिर बीते 29 जून आढ़त की दीवार में सेंधमारी कर करीब 20 बोरा तिल की चोरी की। पिछले दो बार हुई चोरी की इस घटनाओं से आक्रोशित व्यापारी लगातार पांच दिन तक गल्ला मंडी बंद रखकर विरोध प्रदर्शन करते रहे।
तब डीएम और एसपी गल्ला व्यापारियों के बीच पहुंचे और चोरी की घटना का खुलासा करने का आश्वासन देकर हड़ताल समाप्त कराई। लेकिन इस बार चोराें ने पुलिस को चुनौती देते हुए फिर उसी दुकान में सेंधमारी कर करीब 25 बोरा तिल की चोरी कर ली। सीओ सरीला और कोतवाली इंचार्ज जगदेव प्रसाद यादव ने घटना स्थल पर पहुंच जायजा लिया। पीड़ित व्यापारी ने थाने में तहरीर दी है। पुलिस ने अभी रिपोर्ट नहीं लिखी है।