पोस्टमार्टम हाउस में गमगीन खड़ेे परिजन।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
कानपुर-सागर राष्ट्रीय राजमार्ग-34 पर बुधवार सुबह तेज रफ्तार ट्रक ने कार में टक्कर मार दी। हादसे में एक छात्र की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालत नाजुक होने पर दोनों को कानपुर रेफर कर दिया गया है। घटना के बाद हाईवे पर जाम लगा रहा।
सिसोलर के बुढई गांव निवासी रवि प्रकाश (26) पुत्र बाबूलाल यादव काफी समय से मौदहा में रह रहा था। मौजूदा समय में वह मथुरा में बीफार्मा की तैयारी कर रहा था। मंगलवार वह अपने घर आया था और एक शादी समारोह में कार से सुमेरपुर गया था। उसके साथ उसके साथी प्रशांत उर्फ रामजी अवस्थी (22) व अंकित दीक्षित (25) भी थे।
शादी समारोह के बाद कार से तीनों बुधवार तड़के करीब तीन बजे वापस लौट रहे थे। तभी हाईवे पर मकरांव गांव के पास ट्रक ने सामने से टक्कर मार दी। हादसे में रवि की मौके पर मौत हो गई। जबकि कार में सवार दोनों युवक घायल हो गए। तीनों को मौदहा सीएचसी लाया गया।
जहां चिकित्सकों ने रवि को मृत घोषित कर दिया। वहीं दोनों घायलों को रेफर कर दिया गया है। उसके पिता बाबूलाल ने बताया उसका बेटा मंगलवार को ही मथुरा से आया था। कोतवाल विक्रमाजीत सिंह ने बताया शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। घटना के बाद चालक ट्रक लेकर फरार है।
आपे पलटने से आठ सवारियां घायल
मौदहा। बसवारी मार्ग पर आपे राठ तिराहे के पास पलट गई। जिसमें आठ सवारियों में पांच ऋतु (14) पुत्री महेंद्र पाल, कोमल (11) व सुमित (13) पुत्र महेंद्र पाल, सतेंद्र पुत्र रामप्रकाश (17) निवासी ग्राम खड़ेही लोघन व अनिल (18) पुत्र बाबूलाल निवासी बिगहना घायल हो गए। सभी को सीएचसी लाया गया।