पंचायत से बाहर निकलते दोनों पक्ष के लोग।
- फोटो : अमर उजाला
‘पिस्टल वाली प्रेमिका’ मामले में प्रेम संबंध और शादी के इर्द-गिर्द घूम रहा घटनाक्रम अब दुखद मोड़ पर आ पहुंचा है। बुधवार को वर-वधू पक्ष के बीच विवाद सुलझाने के लिए बुलाई गई पंचायत बेनतीजा रही। होने वाली दुल्हन के पिता द्वारा जेवर न लौटाने व ज्यादा पैसा मांगने पर बात बिगड़ गई। इन हालात में दूल्हा अशोक पर बृहस्पतिवार को धोखाधड़ी का मामला दर्ज हो सकता है। ऐसे में आपसी लड़ाई अब कानूनी रूप ले सकती है।
होने वाली दुल्हन के पिता रामसजीवन व अशोक के पिता रामहेत व इनके परिजनों के बीच शादी के खर्चे संबंधित बुधवार कस्बे के मराठीपुरा मोहल्ले के एक स्कूल में पंचायत हुई। लंबी पंचायत के दौरान दोनों पक्षोें के लोग गिले शिकवे दूर करने में लगे रहे। लेकिन चढ़ावे में जेवर को लेकर सहमति नहीं बनी। जबकि अशोक व अन्य परिजनों ने कहा कि चढ़ावे में जेवर परिजनों व जिम्मेदार लोगों को दे दिया। इस बात के सुबुत भी दिए गए। लेकिन किसी भी कीमत पर रामसजीवन यह मानने को तैयार नहीं हुआ। और कहा कि उसे चढ़ावे के जेवरों की जानकारी नहीं है। इतना ही नहीं, आज की पंचायत में रामसजीवन मुकर गया कहा कि शादी में उसका नौ लाख रुपया खर्चा हुआ है।
नौ लाख मिलेंगे तभी बात मनेगी। जिसके चलते आज की हुई पंचायत में कोई नतीजा नहीं निकल सका और पंचायत बेमकसद रही। इस मामले में कोतवाल अनिल सिंह ने बताया कि उन्हें पंचायत की जानकारी देर शाम मिली है। गुरुवार को वर पक्ष के खिलाफ मुकदमा दर्ज होगा। अशोक के मौसिया बीडी सिंह ने कहा मुकदमा दर्ज होगा तो उनके जेवर भी मिलने चाहिए।