हमीरपुर। दहेज को लेकर ससुरालीजनों के उत्पीड़न से तंग महिला ने मिट्टी का तेल डालकर आत्महत्या की कोशिश की। साथ ही महिला ने थाने में ससुरालीजनों के खिलाफ तहरीर दी है। वहीं, दूसरी ओर सास ने भी बहू के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
थाना बिवांर के छानी खुर्द गांव निवासी रामकिशोर के पुत्र गोपालदास गुप्ता की शादी थाना सुमेरपुर के शिवराम की पुत्री आरती देवी के साथ 20 जून 2018 को हुई थी। ससुरालीजन शादी के बाद से ही एक लाख रुपये नगद व बाइक की मांग करते चले आ रहे हैं। महिला द्वारा दहेज में बाइक व नगदी न देने की बात कहने पर जेठ भगवानदास, ससुर रामकिशोर, जेठानी प्रीति देवी उसके साथ मारपीट करते रहे। मंगलवार की सुबह जेठ भगवानदास व जेठानी प्रीति ने उसे अकारण ही थप्पड़ घूसों से मारपीट कर दी। उसका पति एक माह से गायब है। ससुरालीजनों ने उसके पति को भी गायब कर दिया है। उत्पीड़न से तंग आकर महिला ने मंगलवार को सुबह केरोसिन डालकर आत्महत्या करने का प्रयास किया, लेकिन जेठानी के देख लेने पर मिट्टी के तेल की पिपिया छीन ली। पीड़ित महिला ने ससुर रामकिशोर, सास कमला देवी, जेठ भगवानदास, जेठानी प्रीति के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। वहीं दूसरी ओर पीड़िता की सास कमला देवी ने थाने में तहरीर देकर कहा कि वह और उसके परिजन महिला के आतंक से परेशान हैं। उसका पुत्र भी इसी कारण घर से बाहर चला गया है। आए दिन गाली गलौज कर परेशान करती है। मना करने पर केरोसिन डालकर आत्महत्या करने का प्रयास किया। एसआई नारायण सिंह ने बताया कि दोनों की तहरीर मिली है। इस मामले की जांच की जा रही है।
महिला ने आग लगाकर जान देने की कोशिश की