अमर उजाला ब्यूरो
मौदहा (हमीरपुर)। दूसरी शादी करने के बाद एक युवक ने पहली पत्नी को जान से मारने की कोशिश की और घर में हाथ पैर बांध कर डाल दिया। सूचना मिलने पर महिला के मायके वालों ने उसे मुक्त कराया। महिला ने पति समेत सास व देवर के खिलाफ कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
कोतवाली क्षेत्र के इचौली निवासी मीरा देवी ने पुलिस को बताया कि उसका पति राकेश कानपुर में नौकरी करता है, जहां उसने एक महिला से दूसरी शादी कर ली। जब वह इचौली आया तो विरोध किया। पति व सास ने कहा कि अब यह यहीं रहेगी और विरोध किया तो उसे जान से मार दिया जाएगा।
मीरा ने आरोप लगाया कि आठ अगस्त को पति, सास सुशीला व देवर रामबाबू जान से मारने की मंशा से उसके गले में फंदा लगाने लगे। देवरानी सुनीता मौके पर आ गई और उसने ऐसा करने से मना कर हाथ पैर बांधने की सलाह दी। उसके बाद ससुरालीजनों ने उसको कमरे में बंद कर एक हफ्ते तक भूखा प्यासा रखा। 14 अगस्त को सूचना मिलने पर उसके मायके पक्ष के लोग इचौली पहुंचे, जहां मीरा को मुक्त कराकर कोतवाली पहुंचे। पुलिस ने पति, सास व देवर के खिलाफ धारा दहेज उत्पीड़न व जानमाल की धमकी देने की रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
-मायके पक्ष ने मुक्त कराया, ससुरालियों पर दर्ज कराई रिपोर्ट