मौदहा। पावर कारपोरेशन की विजिलेंस टीम ने सिजनौड़ा गांव में आटा-चक्की पर छापा मारा। यहां बिजली चोरी पकड़ी गई। इसके अलावा कस्बे के हुसैनगंज में आधा दर्जन बिजली चोरी के मामले पकड़े गए। टीम ने रिपोर्ट दर्ज कराई है।
बिजली चोरी पर नियंत्रण के लिए पावर कारपोरेशन के एसडीओ राजेश कुमार व विजिलेंस इंस्पेक्टर शिवकांत शुक्ला के साथ अवर अभियंता मनोज सोनी, ख्वाजउद्दीन व अन्य कर्मी सिजनौड़ा गांव पहुंचे।
गांव में लंबे समय से बिजली चोरी कर आटा चक्की चलाई जा रही थी। टीम ने चक्की घर पर जैसे ही छापा मारा, वहां मौजूद महिलाओं ने विरोध करना शुरू कर दिया। कहा वह बिजली चोरी से चक्की नहीं चलाते और मकान के आगे के कमरे में एक बिगड़ी हुई चक्की दिखाने लगे।
मगर अधिकारी चक्की तक पहुंच गए। इसके बाद तार व अन्य सामान कब्जे में ले लिया। इस दौरान चक्की मालिक वहां से फरार हो गया। अवर अभियंता मनोज सोनी ने चक्की संचालक लल्लू यादव के खिलाफ बिजली चोरी अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज कराई है। टीम ने हुसैनगंज में बिजली चोरी के छह मामले पकड़े हैं।
जिनमें जुम्मन के मकान में कटिया मिली है। राशिद, अब्दुल हक, नजमा परवीन, फहीमउद्दीन व जावेद को मीटर बाईपास कर चोरी करते पकड़ा गया। एसडीओ ने बताया बिजली चोरी की घटनाओं का वीडियो बनाया है।
छापेमारी की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। अब एसी चलाने वाले लोगों के यहां कार्रवाई की जानी है। उधर एक लाख से अधिक के बिजली बकायेदारों के यहां छापा मारा जाएगा। इसी क्रम में बकाया न अदा करने पर जगदीश सोनी, इमाम खान, तारा शर्मा, श्यामा देवी व मोहम्मद शाहिद के कनेक्शन काटे गए।
कस्बे में भी बिजली चोरी में छह के खिलाफ हुई कार्रवाई
अमर उजाला ब्यूरो