हमीरपुर। सामूहिक हत्याकांड के मामले में उच्च न्यायालय द्वारा सुनाई गई आजीवन कारावास की सजा के आदेश की सत्यापित प्रतिलिपि स्थानीय न्यायालय में प्रस्तुत की गई। शनिवार को संबंधित न्यायालय ने पारित आदेश के क्रम में वारंट तैयार करने के लिए लिपिक को निर्देशित किया। इसमें कहा गया कि तत्काल विधायक चंदेल समेत सभी सजा प्राप्त दोषी के पूरे नाम व पते की तस्दीक कर वारंट तैयार कर उनके समक्ष प्रस्तुत करें। ताकि उच्च न्यायालय के आदेश का अनुपालन तत्काल प्रभाव से किया जा सके। इस मामले में सोमवार या मंगलवार तक न्यायालय दोषियों के खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी कर सकता है।
करीब 22 वर्ष पूर्व मुख्यालय के सुभाष बाजार के पास हुए सामूहिक हत्याकांड मामले में सदर विधायक अशोक सिंह चंदेल समेत सभी दोषियों को पूर्व में निचली अदालत ने बरी कर दिया था। इस पर पीड़ित पक्ष के वादी राजीव शुक्ला ने उच्च न्यायालय प्रयागराज में अपील की थी। लंबी सुनवाई के बाद पिछले 19 अप्रैल को उच्च न्यायालय ने विधायक समेत दस लोगों को आजीवन कारावास की सजा सुनाई थी। शुक्रवार को उम्रकैद से संबंधित दस्तावेज स्थानीय जजी अदालत लाए गए। शनिवार को संबंधित न्यायालय के न्यायाधीश ने उच्च न्यायालय के आदेशों का तत्काल पालन किए जाने को लेकर संबंधित लिपिक को पत्र के जरिए आदेशित किया कि वह सभी सजा पानेवाले के नाम पता तस्दीक कर उनके खिलाफ गैर जमानती वारंट तैयार कर उनके समक्ष प्रस्तुत करे। कानून के जानकारों के अनुसार सोमवार या मंगलवार तक वारंट जारी हो जाएंगे।
सदर विधायक अशोक सिंह चंदेल, रघुवीर सिंह उनके पुत्र आशुतोष सिंह डब्बू, उत्तम सिंह, प्रदीप सिंह निवासी हमीरपुर, झंडू सिंह निवासी पचखुराखुर्द, साहब सिंह निवासी सुमेरपुर, भान सिंह निवासी पतारा, श्याम सिंह निवासी सुमेरपुर व नसीम निवासी सुभाष बाजार शामिल हैं। इसमें झंडू सिंह की मौत हो चुकी है। जबकि एक अन्य आरोपी रुक्कू को पूर्व में ही इसी मामले में निचली अदालत द्वारा उम्रकैद की सजा सुनाने पर वह जिला कारागार में निरुद्घ है।
कानूनी दांवपेंच को लेकर सामूहिक हत्याकांड मामला एक बार फिर सुर्खियों में है। मामले में विधायक समेत दस लोगों को सजा सुनाने संबंधी स्थानीय न्यायालय में आदेश की प्रति आने के बाद गिरफ्तारी को लेकर दोषियों में बेचैनी है। इधर, गिरफ्तारी से बचने के लिए शनिवार को कई अभियुक्तगणों के परिजन कानून के जानकारों से राय मशविरा लेते नजर आए। जानकारी के अनुसार सोमवार या फिर मंगलवार को अधिकांश दोषी न्यायालय में हाजिर होंगे। इस बात की चर्चाएं भी खूब होती रहीं।
विधायक चंदेल समेत 10 की गिरफ्तारी की तैयारी
अदालत ने वारंट तैयार करने को संबंधित लिपिक को सौंपी जिम्मेेदारी
22 वर्ष पूर्व मुख्यालय में हुए सामूहिक हत्याकांड के दोषी शीघ्र जाएंगे जेल
अमर उजाला ब्यूरो