कुरारा। क्षेत्र के रघवा गांव निवासी शिक्षामित्र के बैंक खाते से एटीएम नंबर पूछकर टप्पेबाज ने एक लाख 10 हजार रुपये खाते से निकाल लिए। वहीं शिक्षामित्र जब बैंक खाते से पैसे निकालने गई तब उसे घटना की जानकारी हुई। पीड़िता ने अज्ञात के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
रघवा निवासी शकुंतला शंखवार गांव के प्राथमिक विद्यालय में शिक्षामित्र के पद पर कार्यरत है। उसने बताया कि पिछले 15 मार्च को उसके मोबाइल फोन पर एक अज्ञात काल आई। फोन उसके लड़के कल्लू ने रिसीव किया। काल करने वाले ने कहा कि उसका एटीएम कार्ड बंद हो रहा है। उसका कोड नंबर बता दो। इस पर उसके लड़के ने एटीएम का कोड नंबर उसे बता दिया। 19 मार्च को होली पर्व के लिए जब वह झलोखर स्थित स्टेट बैंक पैसे निकालने गई। तो खाते से एक लाख 10 हजार रुपये गायब मिले तथा खाते में पैसे नहीं थे। तब उसे घटना की जानकारी हुई। पीड़िता महिला ने कहा कि अपने खर्च से काटकर पैसे एकत्र किए थे। उसका पति गांव में गुटका पान की दुकान चलाता है। इस घटना से वह परेशान है। पीड़ित महिला ने अज्ञात के खिलाफ टप्पेबाजी कर खाते से रुपये निकालने की तहरीर थाने में देकर कार्रवाई किए जाने की मांग की है। थानाध्यक्ष केके पांडेय ने कहा कि जांच के बाद रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।
शिक्षामित्र के खाते से एक लाख 10 हजार रुपये उड़ाए