हमीरपुर। डंपर चालक का पीछा कर रही कोतवाली पुलिस ने शनिवार सुबह चाय बना रहे दुकानदार को बिना किसी कारण के लाठी डंडों से पीटना शुरू कर दिया। दुकानदार पुलिस के सामने न्याय की गुहार लगाता रहा। लेकिन पुलिस ने उसकी बेहरमी से पिटाई कर दी। पीड़ित परिवार ने पुलिस की दबंगई की शिकायत उच्चाधिकारियों से की।
शनिवार की सुबह करीब पांच बजे सदर कोतवाली के एसआई वीरेंद्र त्रिपाठी अपनी टीम के साथ ओवरलोड ट्रकों के खिलाफ अभियान चला रहे थे। तभी रानी लक्ष्मीबाई पार्क के पास भाग रहे ओवरलोड डंपर का पुलिस ने पीछा किया। तभी डंपर चालक हाईवे में हुंडई कंपनी के पास गाड़ी खड़ी कर उतरकर भाग निकला। चालक को भागते देख पुलिस ने उसका पीछा किया। तभी हुंडई कंपनी के पास चाय की दुकान पर चाय बना रहे भिलांवा गांव निवासी रंजीत को पुलिस ने पकड़ लिया। उसे पुलिस ने लाठी डंडों से पीटना शुरू कर दिया। वहीं दुकानदार पुलिस से न्याय की गुहार लगाता रहा। लेकिन पुलिस ने अपनी दबंगई दिखाते हुए उसकी एक न सुनी। दुकानदार रंजीत ने बताया कि पुलिस ने उसे चालक समझकर पीटना शुरू कर दिया, जिससे उसके पैरों में गंभीर चोटें आ गईं। दुकानदार ने कोतवाली के एसआई वीरेंद्र त्रिपाठी सहित पुलिस कर्मियों पर कार्रवाई की मांग की है। इस मामले में एएसपी संतोष कुमार सिंह ने कहा कि उन्हें मामले की जानकारी नहीं है। जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने डंपर चालक समझ दुकानदार बरसाईं लाठी
-ओवरलोड गाड़ियों का पीछा करने के दौरान हुई घटना, पीड़ित ने एएसपी से की शिकायत