गहरौली। हुसैना गांव निवासी चौकीदार के घर गुरुवार रात आग लग गई। चौकीदार ने आग लगाने का आरोप लगाया है। आग से उसकी भतीजी की शादी के लिए रखे 15 हजार रुपये और लाखों की गृहस्थी का सामान जलकर राख हो गया। हालांकि ग्रामीणों के प्रयास से दूसरे मकान में लगी आग पर काबू पाया। फायर ब्रिगेड के देरी से पहुंचने के कारण ग्रामीणों में आक्रोश है।
मुस्करा के हुसैना गांव निवासी चौकीदार रतिया खंगार के पुत्र रामेश्वर ने बताया गुरुवार की रात जब वह परिवार के साथ सो रहा था। तभी उसके खपरैल वाले मकान में पिछवाड़े से किसी ने आग लगा दी। आग ने पूरे मकान को अपनी चपेट में ले लिया।
आग से मकान में रखे भतीजी की शादी के 15 हजार रुपये, कीमती कपड़े, दो साइकिलें, चार क्विंटल गेहूं, एक क्विंटल चना, एक क्विंटल चावल, एक रंगीन टीवी सहित अन्य घरेलू सामान जलकर नष्ट हो गया। आग ने उसके मकान को भी चपेट में ले लिया। आग की लपटे देखकर लोग एकत्र हुए और बुझाने में जुट गए।
जिससे आग को आगे बढ़ने से तो रोक लिया गया। घटना की सूचना फायर ब्रिगेड में दी गई। हालांकि फायर ब्रिगेड के पहुंचने के पहले ही लोगों ने आग पर काबू पाया। पीड़ित परिवार ने आर्थिक सहायता दिलाए जाने की मांग की है। पीड़ित ने एसडीएम को सूचना दी है। साथ ही अज्ञात के खिलाफ आग लगाने की तहरीर दी है।
शादी के लिए रखी नगदी और घर के सामान जले
अमर उजाला ब्यूरो