हमीरपुर। दरवाजे पर अभद्रता करने से रोकने पर नाराज चार युवकों ने तमंचा से हवाई फायर कर दहशत फैलाई। इसके बाद लाठियों से मारापीटा। इस घटना में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल के भाई ने थाने में हमलावरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
थाना बिवांर के ग्राम निवादा निवासी सुरेशचंद्र पुत्र शिवचरन अनुरागी ने थाने में मुकदमा दर्ज कराते हुए बताया कि सोमवार की रात करीब आठ बजे पड़ोसी शंकरदीन, पूरन, शंकरदयाल पुत्रगण रामफल अनुरागी, जगन्नाथ पुत्र मलखान अनुरागी दरवाजे में आकर अभद्रता करते हुए आतंक मचाने लगे। जब बड़े भाई रमेश ने उन्हें मना किया तो शंकर ने जान से मारने की नियत से तमंचे से फायर झोंक दिया। साथ ही चारों लोगों ने उस पर लाठियों से हमला कर दिया। इससे रमेश गंभीर रूप से लहूलुहान हो गया। जबकि उमरी निवासी गोलू पुत्र राजू भी घायल हो गया। घायलों को छानी सीएचसी लाया गया। जहां से उसे सदर अस्पताल रेफर कर दिया। रमेश की हालत नाजुक होने पर उसे कानपुर रेफर कर दिया। घायल रमेश के भाई की तहरीर पर पुलिस ने चारों हमलावरों के खिलाफ जानलेवा हमलाकर करने व मारपीट सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने शंकर व जगन्नाथ को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
मारपीट कर तीन को किया घायल