हमीरपुर। जिलाधिकारी अभिषेक प्रकाश ओवर लोड ट्रकों के मामले में सख्त रुख अपनाया है। इस मामले में उन्होंने एसडीएस सदर, सीओ सदर, एआरटीओ प्रवर्तन व एआरटीओ प्रशासन का माह दिसंबर का वेतन अग्रिम आदेशों तक रोक दिया है। साथ ही तीन दिन में स्पष्टीकरण मांगा है।
मंगलवार की रात जिलाधिकारी अभिषेक प्रकाश ने एसपी हेमराज मीना के साथ हाईवे पर राठ तिराहे के पास गुजर रहे सात ओवरलोड ट्रक पकड़े। इस दौरान लोकेशन देने वाले दो युवकों को चार पहिया वाहन के साथ पकड़कर एआरटीओ रामवृक्ष सोनकर के सुपुर्द कर कार्रवाई के निर्देश दिए। जिले में हो रही ओवर लोडिंग के मामले में जिलाधिकारी ने कहा कि इससे मार्ग दुर्घटनाएं हो रही हैं। साथ ही राजस्व की चोरी के साथ कानून व्यवस्था बिगड़ रही है। डीएम ने एसडीएस सदर अजीत परेश, सीओ सदर ओमकार यादव, एआरटीओ प्रवर्तन रामवृक्ष सोनकर व एआरटीओ प्रशासन नरेश कुमार वर्मा का माह दिसंबर का वेतन अग्रिम आदेशों तक रोक दिया है। साथ ही तीन दिन में स्पष्टीकरण मांगा है। कहा कि अगर अवैध खनन में संलिप्तता मिलती है तो निलंबन की कार्रवाई की संस्तुति की जाएगी। उधर मंगलवार की रात एआरटीओ ने एडीएम विनय प्रकाश श्रीवास्तव के साथ ओवरलोड पर अभियान चलाकर सात ओवरलोड ट्रक पकड़े हैं। पकड़े गए 14 वाहनों से करीब साढ़े तीन लाख रुपये का राजस्व मिलने की बात कही है। कोतवाल एके सिंह ने बताया कि पकड़े गए दोनों युवकों से सुबह पूछताछ के बाद वाहन के साथ जाने दिया गया।
ओवरलोडिंग के मामले में चार अधिकारियों का रोका वेतन
-इन अधिकारियों से जिलाधिकारी ने तीन दिन में मांगा स्पष्टीकरण