हमीरपुर। शादी करवाने के नाम पर युवक से हजारों रुपये की ठगी की गई। पीड़ित ने बिचौलिए के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
थाना बिवांर के बंधी मोहाल निवासी मंटू पुत्र मुल्लू सिंह ने थाने में तहरीर देकर बताया कि वह जम्मू में रहकर ठेकेदारी करता है। अविवाहित होने पर शादी कराने के लिए उसने क्षेत्र के सायर निवासी पप्पू पुत्र बरदानी से संपर्क किया। पप्पू ने शादी कराने की पूरी जिम्मेदारी ले ली। वह उसे शादी कराने मध्य प्रदेश के भोपाल ले गया।
जहां पर एक संस्था में उससे 15 हजार रुपये की रसीद भी कटवाई। वहीं संस्था की एक महिला ने उसे शादी के लिए लड़की भी दिखाया और उसके परिजनों से बात कराई। जिस पर लड़की के परिजनों ने शादी की तारीख तय करते हुए कहा कि वह उसके घर शीघ्र आएंगे। वहां से लौटने पर वह शादी की तैयारियों में जुट गया।
शादी के कार्ड भी छपवा लिए। बरात के लिए वाहन भी बुक कर दिए। तय की गई तिथि के तीन दिन पूर्व उसके घर में मंडप का कार्यक्रम संपन्न कराया, लेकिन दूसरे दिन शाम संस्था में फोन किया तो फोन रिसीव नहीं हुआ। दो दिनों तक फोन रिसीब नहीं हुआ तो उसका माथा ठनका और उसने ग्राम सायर निवासी पप्पू से बात की। जिस पर उसने मामले को हल्के में लेकर टाल दिया।
पीड़ित ने हताश होकर पप्पू के खिलाफ शादी कराने के नाम पर ठगी का आरोप लगाकर कार्रवाई की मांग की है। इधर पुलिस के दबाव में आरोपी पप्पू के पिता ने मंटू को 15 हजार रुपये वापस देने का आश्वासन दिया। थानाध्यक्ष राजेश कुमार वर्मा ने कहा आरोपी पप्पू की तलाश की जा रही है।
पीड़ित ने थाने में बिचौलिए के खिलाफ की शिकायत
अमर उजाला ब्यूरो