हमीरपुर। खेतों पर सिंचाई करने गए युवक की ट्यूबवेल पर धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। इस घटना से मोराकांदर गांव के सनसनी फैल गई। मौके पर एसपी, फोरेंसिक टीम ने पहुुंचकर जांच की। परिजनों ने हत्या की तहरीर दी है।
कोतवाली के पारा-सिडरा गांव निवासी शैलेंद्र सिंह उर्फ टीपू (18) पुत्र स्व. वीरेंद्र सिंह बचपन से ही ललपुरा के मोराकांदर गांव स्थित नाना जयकरन सिंह उर्फ चुन्नू के यहां रहता था। वह बिवांर के निवादा स्थित भस्मानंद इंटर कालेज में कक्षा 11 का छात्र था।
रविवार सुबह नौ बजे शैलेंद्र अपनी मौसी के लड़के धर्मेंद्र के खेत पर गया था। कुछ देर बाद धर्मेद्र वहां स्थित ट्यूबवेल से कहीं और चला गया। इसी बीच शैलेंद्र की ट्यूबवेल की कोठी के अंदर धारदार हथियार से हत्या कर दी गई।
शैलेंद्र की एक आंख बाहर निकली थी। कुछ देर बाद धर्मेंद्र ट्यूबवेल पहुंचा तो मौसेरे भाई का शव देखा। इस पर उसने नलकूप से बाहर निकल शोर मचाया। जिससे खेतों में काम कर रहे लोगों की भीड़ एकत्र हो गई। इसके बाद धर्मेद्र ने मोबाइल से अपने परिजनों को सूचना दी। इसी बीच किसी ग्रामीण की सूचना पर यूपी 100 पहुंची।
यूपी 100 कर्मियों ने ललपुरा थाने में सूचना दी। प्रभारी एसओ अनिल सिंह ने बताया उन्हें दोपहर 12 बजे सूचना मिली है।
उधर एसपी हेमराज मीना, फोरेंसिक टीम व क्राइम ब्रांच और सीओ रजनीश उपाध्याय मौके पर पहुंचे। एसओ ने बताया कि घटना धारदार हथियार से हत्या किए जाने की प्रतीत होती है। मृतक के परिजन बाहर हैं। उनके आने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।
11वीं का छात्र था, ननिहाल में रहता था और मौसेरे भाई के साथ गया था खेत
अमर उजाला ब्यूरो