अमर उजाला ब्यूरो
हमीरपुर। बल्यूट कृषि सहकारी सभा के फरार सचिव बुरी तरह मुश्किलों में घिर गए हैं। सभा में जमा ग्राहकों की जमापूंजी की भरपाई करने के लिए हिमाचल सहकारी सभाएं विभाग ने सख्त कदम उठाते हुए सभा सचिव की चल-अचल संपत्तियों का रिकॉर्ड तलब करने के निर्देश जारी कर दिए हैं। सहायक पंजीयक हमीरपुर ने इस बारे में विभाग के निरीक्षकों को राजस्व विभाग से रिकॉर्ड हासिल करने को कहा है। इससे पहले जिला के अन्य तमाम बैंकों से इस बारे में जानकारी हासिल करने के लिए कहा जा चुका है। कुछ दिन पहले ही सभा के सचिव की करीब डेढ़ कनाल भूमि को भी विभाग जब्त कर चुका है। बल्यूट कृषि सहकारी सभा के बहुमंजिला भवन की असेसमेंट के लिए लोनिवि को पत्र भेजा दिया है। बहुमंजिला भवन की कीमत कितनी होगी, इस बारे में जानकारी मिलने के बाद विभाग इसे नीलाम कर सकता है। सभा सचिव पृथ्वी चंद पर पद पर रहते हुए लाखों रुपये का गबन करने का आरोप है। मामला उजागर होने के बाद अप्रैल से परिवार के साथ फरार चल रहे हैं। सभा में 500 सदस्य हैं और करीब छह हजार खाताधारक हैं। सोसायटी के पांच करोड़ की कैपिटल है। हैरानी है कि ग्राहकों के लाखों तो डूबे ही है, ऊपर से सवा करोड़ का ऋण घोटाला भी सामने आया है। खाता धारकों का कहना है कि उन्होंने सोसायटी से ऋण लिया ही नहीं है। बिलासपुर और मंडी से निरीक्षकों की टीम को नियुक्ति का विभाग सोसायटी का स्पेशल ऑडिट करवा रहा है। वेरिफिकेशन का कार्य 22 जुलाई को पूरा हो चुका है।
सहकारी सभाएं हमीरपुर के निरीक्षक एवं बल्यूट सहकारी सभा के प्रशासक कुलदीप शर्मा ने कहा कि सचिव पृथ्वी चंद की चल-अचल संपत्ति का रिकॉर्ड तैयार किया जा रहा है। रिकवरी के लिए सचिव की जमीन, बहुमंजिला भवन और बैंक खाते सीज होंगे।
एसआईयू भी कर रही मामले की जांच
जिला पुलिस की स्पेशल इन्वेस्टिगेटिव टीम के पास यह मामला है। पुलिस ने सभा के सचिव के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है। एसआईयू सभा के सचिव की तलाश के लिए जगह-जगह दबिश दी जा रही रही है। पुलिस का मानना है कि शीघ्र ही सभा का सचिव सलाखों के पीछे होगा।