अमर उजाला ब्यूरो
हमीरपुर। बल्यूट सहकारी सभा में करोड़ों रुपये के घपले में नया मोड़ आ गया है। सभा के ऑडिट में 55 लाख से अधिक के फर्जी ऋण देने का खुलासा हुआ है। ऑडिट के दौरान सहकारी सभा में 209 ऋण खाते सामने आए हैं लेकिन 200 लोगों नेे सहकारी सभा से आज तक कोई लोन नहीं लिया है। कुछ लोगों का 45 हजार तो कुछ का डेढ़ लाख से अधिक का ऋण सामने आया है। इस फर्जी ऋण का पता चलने के बाद कुछ लोग बेहोश हो गए तो कुछ उपचार के लिए पीजीआई चंडीगढ़ पहुंच चुके हैं। रजिस्ट्रार को-ऑपरेटिव सोसायटी की विशेष टीम के ऑडिट में सामने आ रहे ऐसे मामलों से लोगों का गुस्सा और भड़क गया है। पीड़ित लोगों में रेखा कुमारी, दुनी चंद, राजकुमार, मान चंद, मदन लाल, प्रेम लाल, सीता राम और ज्योति शर्मा समेत सौ के करीब लोगों ने सहकारी सभा के दफ्तर के बाहर बुधवार को जोरदार धरना प्रदर्शन किया। लोगों का कहना है कि जब उन्होंने सभा से लोन लिया ही नहीं तो रिकवरी किस बात की। लाखों रुपये का ऋण सभा के पदाधिकारियों और सहकारी सभा के अधिकारियों की मिलीभगत से चहेतों को बांटा गया। इसमें न तो कोई गारंटर है और न ही भूमि गिरवी रखी है। नियमों के विपरीत सहकारी सभा के पैसों का दुरुपयोग किया है। लोगों ने कहा कि अगर शीघ्र उनकी जमा पूंजी वापस नहीं मिली तो उपायुक्त कार्यालय के बाहर धरना प्रदर्शन किया जाएगा और सड़कों पर चक्का जाम भी किया जाएगा। जिला प्रशासक एवं सहकारी सभा के निरीक्षक कुलदीप कुमार ने कहा कि शिमला से स्पेशल टीम आई हुई है जो ऑडिट कर रही है। सहकारी सभा में 6000 खाता धारक और करीब 500 सदस्य हैं। सभा की पांच करोड़ की जमा-पूंजी है। उन्होंने कहा कि अधिकतर लोगों ने ऋण नहीं लिया है लेकिन उनके नाम से ऋण खाते खोले गए हैं। सारे मामले की जांच की जा रही है।
जिला प्रशासन की भूमिका पर संदेह
पंधेहड़ पंचायत के प्रधान की सभी लोगों ने सराहना की। लोगों का कहना है कि पंचायत प्रधान दीप चंद कालिया ने सबसे पहले इस मामले को उठाते हुए उपायुक्त हमीरपुर और शिमला में सहकारी सभा के पंजीयक से जांच की मांग उठाई थी।
प्रधान दीप चंद कालिया ने कहा कि पुलिस को पंचायत की दोनों समितियों बल्यूट सहकारी सभा और पंधेहड़ सहकारी सभा की शिकायत सौंपी है। जांच में पुलिस प्रशासन का रवैया ढुलमुल रहा है। करोड़ों के घपले में संलिप्त लोगों ने उनके खिलाफ झूठे मुकदमे दर्ज करवाए और मामले को दबाने का प्रयास किया। वह किसी से डरने वाले नहीं और लोगों को न्याय दिलवाकर रहेंगे।