राठ। कोतवाली क्षेत्र के स्यावरी गांव में मकान के पिछले हिस्से में लगे दरवाजे का ताला तोड़कर घर में घुसे चोरों ने जेवर व 47 हजार रुपये चोरी कर ले गए। पीड़ित ने चोरी गए जेवर की कीमत करीब दो लाख रुपये बताई है।
स्यावरी निवासी रामबाबू कुशवाहा ने बताया वह खेती कर अपने परिवार का भरण पोषण करते हैं। सोमवार रात परिजनों समेत घर में सो रहे थे। रात करीब दो बजे चोर मकान के पीछे के दरवाजे का ताला तोड़कर घर में घुस आए। कमरे में रखे बक्सों के ताले तोड़कर सामान बिखरा दिया। बक्सों में रखा सोने का मंगलसूत्र, हार, चूड़ी, हाय, चांदी की पायलें, कड़े, मीना आदि जेवर व 45 हजार रुपये चोरी कर लिए।
पैंट की जेब में पड़े दो हजार रुपये भी चोर निकाल ले गए। उन्होंने बताया चोरों ने करीब ढाई लाख रुपये की चपत लगाई है। सुबह जागने पर कमरे में बिखरा सामान व टूटे ताले देख चोरी की जानकारी हुई। इंस्पेक्टर राजेश चंद्र त्रिपाठी ने कहा मामले की जानकारी हुई है। जांच कराई जा रही है।