बिवांर। थानाक्षेत्र के उमरी गांव के पास रविवार देर शाम बाइक सवार युवक को ओवरटेक कर दो लुटेरों ने रोक लिया और उसकी जेब में पड़े 20 हजार रुपये व सोने की चेन लूट ली। पीड़ित के शोर मचाने पर खेतों में मौजूद लोगों के आने पर लूटपाट करने वाले बाइक छोड़कर भाग निकले। पीड़ित ने बाइक के जरिए युवकों की पहचान कर लूटपाट की तहरीर दी है।
लोदीपुर निवादा निवासी जितेंद्र कुमार ने दी तहरीर में बताया रविवार को गहरा गांव से अपने बहनोई से डीफार्मा में एडमिशन के लिए 20 हजार रुपये लेकर लौट रहे थे। बताया रात करीब आठ बजे जैसे ही वह उमरी गांव के पास पहुंचे, तभी रास्ते में एक बाइक में दो युवकों ने उन्हें ओवरटेक कर रोक लिया। लुटेरों ने उन्हें दबोच लिया और जेब में पड़े 20 हजार रुपये व सोने की अंगूठी लूट ली। कहा लुटेरे मोबाइल छीनने का प्रयास कर रहे थे। तभी खेतों में काम कर रहे लोगों के ललकारने पर आरोपी बाइक छोड़कर भाग निकले।
सूचना पर यूपी 112 पुलिस पहुंची। बाइक थाने ले गए। बताया बाइक के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर चेक किया तो बाइक उन्हीं के गांव के पते की निकली। पीड़ित ने आरोपी युवकों के नाम भी पुलिस को बताए हैं। पीड़ित ने आरोपियों के खिलाफ थाने में लूट की तहरीर दी है। पुलिस इस घटना से इनकार कर रही है। थानाध्यक्ष विजय सिंह ने बताया नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। कहा घटना मारपीट की है। लूट नहीं हुई है। पीड़ित के पिता अयोध्या प्रसाद ने बताया पुलिस राजीनामा का दबाव बना रही है। कहा कार्रवाई न होने पर अधिकारियों से न्याय की गुहार लगाएंगे।