कुरारा/बिवांर। अलग-अलग गांवों में दो किशोरियों ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इस घटना से परिजनों में कोहराम मचा है। बिवांर के करगांव निवासी 14 वर्षीयसंजना ने सूना घर पाकर फांसी लगा ली। मृतका के पिता दुलीचंद पाल ने बताया वह खेतों में मनरेगा की खुदाई करने गए थे।
उनका पुत्र बाजार सब्जी लेने गया था। उसी दौरान बेटी ने फांसी लगा ली। बताया जब बेटा आया तो दरवाजा खटखटाता रहा, लेकिन न खुलने पर पड़ोसियों को बुलाया। पड़ोसी घर के पीछे से चढ़कर अंदर दाखिल हुए। वहां बेटी का शव फंदे पर लटकता देखा। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। कुरारा संवाद के अनुसार क्षेत्र के पारा गांव में घरेलू कलह के चलते पूजा (17) ने मंगलवार सुबह करीब आठ बजे घर के अंदर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
घटना के समय उसके माता-पिता कस्बा कुरारा सब्जी लेने आए थे। पिता राजू अहिरवार ने बताया गांव में सब्जी का ठेला लगाकर अपने परिवार का भरण पोषण करते हैं। उसके तीन पुत्री व एक पुत्र हैं। घटना के समय घर में छोटे बच्चे थे। ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार घरेलू कलह के चलते किशोरी ने फांसी लगाकर आत्महत्या की है। पिता की सूचना पर पुलिस ने मामले की जांच की।