भरुआसुमेरपुर। ग्राम पंचायत मिहुंना के दो लाभार्थियों ने प्रधानमंत्री आवास योजना की किस्त जारी करने के नाम पर सुविधा शुल्क मांगने का आरोप लगाया है। शिकायत के बाद खंड विकास अधिकारी ने मामले की जांच एडीओ पंचायत को सौंपी है।
ग्राम पंचायत मिहुंना निवासी लक्ष्मनिया व सुमन ने खंड विकास अधिकारी अभिमन्यु सेठ को सौंपी शिकायत में आरोप लगाया कि ग्राम पंचायत अधिकारी साधना सिंह ने प्रधानमंत्री आवास योजना की किस्त जारी करने के लिए पूर्व में 20-20 हजार रुपये लिए थे।
अब तीसरी किस्त जारी करने के लिए पांच-पांच हजार रुपये मांग कर रही हैं। खंड विकास अधिकारी ने मामले की जांच एडीओ पंचायत सत्यप्रकाश गुप्ता को सौंपकर रिपोर्ट तलब की है। एडीओ पंचायत ने बताया वह मामले की जांच के लिए सोमवार को गांव जाएंगे। उधर सचिव साधना सिंह का कहना है सुविधा शुल्क मांगने का आरोप निराधार है। (संवाद)