भरुआसुमेरपुर। क्षेत्र के ग्राम पचखुरा महान में मंगलवार की रात फसल खराब देख किसान ने बरामदे में गमछे से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
पचखुरा महान निवासी हरिमोहन उर्फ शिवमोहन (38) चार बीघे जमीन में खेती-बाड़ी कर परिवार का भरण पोषण करता था। इसने मटर की फसल बोई थी। जो अतिवृष्टि के चलते पूरी तरह से नष्ट हो गई। मंगलवार को यह देर रात खेतों से घर आया और घर के बरामदे में गमछे से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक भाइयों में पांचवें नंबर का था। मृतक के बड़े भाई बाबूराम प्रजापति ने बताया कि शायद फसल खराब होने से उसने आत्मघाती कदम उठाया है।
अचानक हुई इस घटना से मृतक की पत्नी शकुंतला, पुत्री रिया (3) का रो रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। थानाध्यक्ष रामेंद्र तिवारी ने बताया कि चौकी इंचार्ज ओमप्रकाश वर्मा पंचनामा भरने गए थे। उन्होंने बताया कि परिजन फसल खराब होने पर फांसी लगाने की बात बताई है।