राठ (हमीरपुर)। मझगवां थाना क्षेत्र के जराखर गांव में 16 दिन पहले हुए विवाद की रंजिश में सोमवार को एक युवक को गोली मार दी गई। घायल युवक को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के मुताबिक तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। फिलहाल आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है।
जराखर गांव निवासी धर्मेंद्र व राहुल में किसी बात को लेकर चार दिसंबर 2021 को विवाद हो गया था। राहुल की तहरीर पर थाना पुलिस ने धर्मेंद्र के खिलाफ खिलाफ शांति भंग करने की धारा में रिपोर्ट दर्ज की थी। सोमवार को धर्मेंद्र भाई भूपेंद्र के साथ जमानत कराने के लिए तहसील गया था। वहां पर दोनों पक्षों में पुरानी विवाद की रंजिश में मारपीट हो गई।
कुछ लोगों के बीच-बचाव करने पर मामला शांत हो गया था। जमानत के बाद धर्मेंद्र व भूपेंद्र बाइक से वापस गांव जा रहे थे। पिता राम अवतार का आरोप है कि जराखर गांव के पास राहुल ने दो साथियों के साथ धर्मेंद्र व भूपेंद्र को घेर लिया। उसके बाद आरोपियों ने भूपेंद्र पर तमंचे से गोली चला दी। गोली उसकी जांघ में लगी और वह घायल हो गया। परिजनों ने उसे सीएचसी नौरंगा में भर्ती कराया है। डॉ. बीरपाल सिंह राजपूत ने बताया कि घायल को एक्सरे के उरई भेजा गया है। मामले में मझगवां थानाध्यक्ष पंधारी सरोज ने बताया कि आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।