हमीरपुर। रोडवेज बस स्टैंड पर बुधवार को बस में बैठे टायर व्यापारी की पैंट की जेब से जेबकतरों ने 70 हजार रुपये पार कर दिए। पीड़ित ने कोतवाली पुलिस को तहरीर दी है।
कुरारा कस्बे के वार्ड संख्या आठ निवासी वीरेंद्र वर्मा की बेरी तिराहे पर टायर ट्यूब की दुकान हैं। वीरेंद्र वर्मा कानपुर से उधार टायर व अन्य सामान लाकर यहां बेचते हैं। वीरेंद्र वर्मा के मुताबिक बुधवार को वह उधारी का पैसा देने कानपुर जा रहे थे। उनकी जेब में 70 हजार रुपये रखे थे। कुरारा से प्राइवेट बस से शहर के महिला थाने तक आए। यहां से ई-रिक्शा से बसस्टैंड आए, तब तक उनकी जेब में रुपये सुरक्षित थे।
बसस्टैंड पहुंचने पर कानपुर जाने के लिए बस खड़ी थी। बस की सीट में एक युवक पहले से बैठा था। उसी सीट पर वह खिड़की की तरफ बैैैठ गए। कुछ देर बाद बगल में बैठा युवक उनसे सटते हुए बोला कि उसे खिड़की से गुटखा लेना है। इस पर खिड़की के पास बैठ गया। कुछ देर बाद वह युवक बस खराब होने की बात कहते हुए उतर कर चला गया। इसी बीच उसकी जेब कट गई और 70 हजार रुपये गायब हो गए। यह रकम उसे कानपुर के व्यापारी को देना था। पीड़ित ने कोतवाली में तहरीर दी है। कोतवाल मनोज शुक्ला ने बताया कि मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।