राठ के चिल्ली में घटना की जानकारी देते घायल पिता पुत्री
- फोटो : HAMIRPUR
राठ। थानाक्षेत्र के चिल्ली गांव में प्रधान के चुनाव को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। जमकर मारपीट हुई। जिसमें एक पक्ष से दंपति व उनकी पुत्री को गंभीर चोटें आईं हैं। पीड़ित ने फायरिंग करने का आरोप लगाते हुए कोतवाली में तहरीर दी है। वहीं इलाज कराकर पीड़ित जैसे ही गांव पहुंचे तो आरोपियों ने फिर उनके साथ मारपीट की। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।
चिल्ली गांव निवासी रमेश ने बताया वह गांव में परचून की दुकान किए है। शुक्रवार रात 11 बजे वह अपने घर के बाहर लेटा था। तभी वहां दो अन्य लोगों के साथ पहुंचे गांव के ही पिता-पुत्र ने विरोधियों से मेलजोल रखने का आरोप लगाया।
प्रधान के चुनाव में साथ न देने पर देख लेने की धमकी दी। जब उसने गालियां देने व धमकाने का विरोध किया तो आरोपी भड़क उठे। उसे डंडों से पीटकर घायल कर दिया। चीखपुकार सुनकर बचाने पहुंची उसकी पत्नी कलावती व पुत्री विनीता को लाठी व कुल्हाड़ी से हमला कर घायल कर दिया। मोहल्ले को लोगों को आता देख आरोपियों ने अवैध तमंचे से फायर झोंक दिया।
आरोपी प्रधान के चुनाव में सहयोग न करने पर जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया है। इधर शनिवार शाम घायल बेटी विनीता को गांव लेकर गए उसके भाई राजू व अनिल को फिर आरोपियों ने मारापीटा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की है। कोतवाल मनोज शुक्ला ने कहा दो पक्षों में मारपीट का मामला सामने आया है। जांच कर कार्रवाई करेंगे।