राठ सीएचसी में घायल हरीसिंह से जानकारी लेते सीओ अभय नारायण राय
- फोटो : HAMIRPUR
राठ। मझगवां थाने के टोला रावत गांव में जमीन के विवाद में लेखपाल के नापजोख करने के दौरान एक युवक को दूसरे पक्ष ने गोली मार दी। गंभीर रूप से घायल को सीएचसी से मेडिकल कालेज झांसी रेफर किया गया है। गांव में पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई है। अस्पताल पहुंचे सीओ अभय नारायण राय ने घायल से घटना की जानकारी ली।
टोला रावत गांव निवासी बृजेंद्र कुमार राजपूत ने बताया कि उनके खेतों के पास सिद्ध बाबा का स्थान है। इस स्थान के पास पड़ी जमीन को लेकर सुनील से विवाद चल रहा है। बुधवार को दोनों पक्षों के बीच लेखपाल जमीन की पैमाइश करने लगे। इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच विवाद हो गया। बृजेंद्र ने आरोप लगाया कि सुनील ने तमंचे से उनके छोटे भाई हरीसिंह राजपूत (45) को गोली मार दी। गोली उनकी बायीं कनपटी में जा धंसी। घटना के बाद आरोपी मौके से भाग निकला।
सूचना पर पहुंची पुलिस व परिजनों ने घायल को सीएचसी में भर्ती कराया, जहां उनकी हालत नाजुक होने पर डॉक्टर ने मेडिकल कालेज झांसी रेफर कर दिया।
सीओ अभय नारायण राय ने कहा कि आरोपी पक्ष ने शिकायत की थी कि देव स्थान नक्शे के अनुसार अपने स्थान पर नहीं है। उसी की जांच करने लेखपाल गए थे। जांच में सामने आया कि देव स्थान नक्शे के आधार पर न होकर थोड़ी दूर बना है। इसी बात पर दोनों पक्षों के बीच विवाद में घटना को अंजाम दिया गया। मझगवां एसओ पंधारी सरोज ने बताया कि घायल के भाई की तहरीर पर आरोपी सुनील, भगवती व अनिल के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। मामले की जांच की जा रही है।
पुलिस फोर्स के बिना हो रही थी पैमाइश
टोला रावत गांव में धार्मिक स्थान को लेकर दो पक्षों के बीच काफी समय से विवाद चल रहा है। मामला गंभीर होने के बावजूद लेखपाल बिना पुलिस फोर्स के पैमाइश करने पहुंच गए। ग्रामीणों का कहना है कि यदि पुलिस मौजूद होती तो घटना से बचा जा सकता था। वहीं मझगवां एसओ ने कहा कि उनसे पुलिस फोर्स नहीं मांगी गई। एक अन्य मामले में थाने के एसआई गांव में ही मौजूद थे। घटना की सूचना पर एसडीएम राजेश कुमार मिश्रा व तहसीलदार अभिनव चंद्रा ने सीएचसी पहुंच मामले की जानकारी ली।