राठ। दरवाजे पर कार खड़ी करने का विरोध कर रहे दबंगों ने घर में घुस कर गाली गलौज व मारपीट की। देर रात असलहों से लैस होकर दोबारा पहुंचे आरोपियों ने दरवाजे तोड़ने का प्रयास किया। पीड़ित ने कोतवाली में तहरीर देते हुए कार्रवाई की मांग की है।
नगर के फरसौलियाना मोहल्ला निवासी वकील ने बताया कि सोमवार को उनके बहनोई व अन्य रिश्तेदार घर आए थे। दरवाजे के बाहर चार पहिया गाड़ी खड़ी थी। इसको लेकर मोहल्ले के ही छह से ज्यादा दबंगों ने घर में घुस कर रिश्तेदारों से गालीगलौज की। उन्होंने विरोध किया तो उनके साथ मारपीट कर दी। मोहल्ले के लोगों द्वारा समझाने पर आरोपी मौके से चले गए। रात करीब साढ़े 11 बजे आरोपी अवैध असलहा लेकर आए। गालीगलौज करते हुए दरवाजे तोड़ने का प्रयास किया। दबंगों के आतंक से पूरा परिवार घर के अंदर छिपा रहा। वकील ने आरोप लगाया कि दबंग आपराधिक प्रवृत्ति के हैं जिनका पुलिस में भी खासा प्रभाव है। कोतवाल राजेश चंद्र त्रिपाठी से संपर्क नहीं हो पाया है। (संवाद)