राठ (हमीरपुर)। छेड़खानी के आरोपी को परिजनों ने शराब के ठेके से पकड़कर पीटते-पीटते कोतवाली ले गए। मुख्य मार्ग पर जूते चप्पल चलने से करीब आधा घंटे तक अफरातफरी रही।
नगर के एक मोहल्ला निवासी महिला ने बताया कि उनके पति वाहन चालक हैं। बताया कि मोहल्ले का दबंग युवक उन पर बुरी नजर रखता है। अक्सर रास्ते में रोक कर छींटाकशी करता है। विरोध करने पर धमकी देता है। पीड़िता ने बताया कि पति के न होने पर दबंग का आतंक बढ़ जाता है। शनिवार को उनके पति काम पर गए थे। इसी दौरान दबंग ने उनके साथ अभद्रता की थी। उन्होंने कोतवाली में तहरीर दी थी। सोमवार को आरोपी पड़ाव चौराहे स्थित ठेके पर शराब पीने गया था। यहां उनके पति द्वारा उलाहना देने पर अभद्रता करने लगा। इस पर पति ने अन्य लोगों की मदद से उसे दबोच लिया। मामला जानने पर राहगीरों ने भी आरोपी पर हाथ साफ कर लिए। मुख्य मार्ग पर दबंग की जूतों चप्पलों से जमकर पिटाई हुई। बाद में कोतवाली उसे कोतवाली ले जाकर पुलिस के हवाले कर दिया।