मौदहा। आठ जुलाई की रात कस्बे के तहसील रोड पर फेरी लगाकर सामान बेचने वाले दुकानदार के साथ मारपीट और रुपये छीनने के मामले में पुलिस ने चार युवकों को गिरफ्तार किया है। वहीं गिरोह का मास्टर माइंड पांचवां आरोपी अभी भी पुलिस की पकड़ से दूर है।
कस्बे में सबसे सुरक्षित तहसील रोड पर आठ जुलाई की रात फेरी लगाकर अपने घर जा रहे नई बस्ती निवासी बल्देव सविता के साथ मोहल्ले के ही पांच लोगों ने मारपीट कर रुपये छीन लिए थे और सिंचाई विभाग के कार्यालय की बाउंड्री कूदकर फरार हो गए थे। जिनकी फोटो वहीं एक दुकान में लगे सीसीटीवी में कैद हो गई थी। फुटेज के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की और आजम, शहजाद अली उर्फ पुत्तू, साजिद अली और राजू उर्फ लालू निवासी नई बस्ती को गिरफ्तार किया है।
उनके पास से लूट के 4620 रुपये और एक आधार कार्ड बरामद हुआ है। जबकि गिरोह का सरगना पांचवां आरोपी अभी भी पुलिस की पकड़ से दूर है। जिसे पुलिस शीघ्र गिरफ्तार करने की बात कह रही है। कोतवाल ऋषिदेव ने बताया फेरीवाले के रुपये छीनने में चार युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।