मौदहा। सड़क हादसे में जान गंवाने वाले कस्बे के सिजवहिया निवासी सिपाही शरीफउद्दीन व उनके दुधमुंहे बेटे के बाद कार चालक की भी मौत हो गई, जबकि हादसे में घायल चार लोगों का इलाज चल रहा है। पिता और पुत्र की मौत से पूरे कस्बे में गम का माहौल है। बतादें 14 जुलाई को कस्बे के सिजवहिया निवासी शरीफउद्दीन जो ललितपुर में कांस्टेबल के पद पर तैनात थे। वह बकरीद के त्योहार के चलते छुट्टी लेकर अपने परिजनों समेत अपने घर कस्बा आ रहे थे। इसके लिए उन्होंने एक कार बुक की थी।
कानपुर-सागर हाईवे पर उनकी कार की खन्ना के पास डंपर से सीधी भिड़ंत हो गई थी। इस दुर्घटना में शरीफउद्दीन की महोबा जिला अस्पताल में मौत गई थी। इसके बाद 10 माह के मासूम फैजान की भी मौत हो गई थी। कार चालक ओमप्रकाश निवासी महोबा की कानपुर में इलाज के दौरान शुक्रवार देर रात मौत हो गई। वहीं शरीफउद्दीन की पत्नी नाजिया, बहन तमन्ना, बहनोई शरीफ खान, भांजा जियान का इलाज चल रहा है।