फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

दोनों वर्गों ने की फैसले की सराहना

विज्ञापन
विज्ञापन
हमीरपुर। अयोध्या प्रकरण में न्यायालय के ऐतिहासिक निर्णय का सभी लोगों ने तहेदिल से स्वागत किया। दोनों वर्गों के लोगों ने एक दूसरे को मिठाई खिलाकर फैसले का स्वागत किया। फैसले को लेकर मुख्यालय समेत जिले भर में पुलिस व पीएसी के जवान मुस्तैद नजर आए। जनजीवन सामान्य रहा। उधर सोशल मीडिया में नजर रखने के लिए पुलिस लाइन में बनाए गए कंट्रोल रूम में डीएम व एसपी ने खुद बैठे रहे। दोनों अधिकारी ने लोगों से फैसले का सम्मान करने की अपील की।
विज्ञापन

शुक्रवार रात जैसे ही सूचना आई कि शनिवार सुबह न्यायालय अयोध्या प्रकरण का फैसला सुनाएगी। जिला प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर पुलिस कर्मियों की ड्यूटियां लगा दीं। जिससे सुबह से कर्मी अपने अपने चिह्नित स्थानों पर तैनात नजर आए। स्कूलों की छुट्टी कर दी गई। सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की टीमों गश्त करती रहीं। मौदहा में एएसएपी एसके सिंह व एडीएम विनय प्रकाश श्रीवास्तव गश्त पर रहे।
जबकि जिलाधिकारी ज्ञानेश्वर त्रिपाठी व एसपी श्लोक कुमार ने भी गश्त कर भाईचारा बनाए रखने का संदेश दिया। मुख्यालय के गलियों में पुलिस कर्मी पैदल व बाइक से गश्त करते रहे। पुलिस लाइन में बनाए गए कंट्रोल रूम में डीएम व एसपी ने खुद सोशल मीडिया पर नजर रखी। फैसला आने के बाद दोनों वर्गों, व्यापारियों, अधिवक्ताओं, युवाओं, वरिष्ठ नागरिकों व अन्य ने स्वागत किया। सुमेरपुर कस्बा स्थित तपोभूमि आश्रम के पुजारी श्यामलाल व हाफिज मौलाना खान ने फैसले का स्वागत कर एक दूसरे को मिठाई खिलाई।
विज्ञापन

हिंदू-मुस्लिमों ने एक साथ बैठकर सुना फैसला
राठ नगर के कोटबाजार स्थित एक दुकान में टीवी देखने के लिए लोगों की खासी भीड़ रही। यहां पर हिंदू मुस्लिम एक साथ बैठ कर टीवी पर अयोध्या मामले में कोर्ट का फैसला सुनते देखे गए। कस्बे की गंगा जमुनी तहजीब बरकरार रखते हुए दुकान संचालक कदीर चच्चा ने सभी के लिए चाय की व्यवस्था की। कोर्ट का फैसला सुनने के बाद भी किसी के चेहरे पर कोई प्रतिक्रिया नहीं देखी गई।
चप्पे चप्पे पर रही खाकी की दस्तक
राठ। अयोध्या मामले पर फैसले के बाद किसी भी विपरीत परिस्थितियों से निपटने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह से तैयार रहा। फैसला आने के बाद कहीं से कोई प्रतिक्रिया न होने पर प्रशासन ने राहत की सांस ली। एसडीएम सुरेश कुमार, सीओ शुभसूचित, कोतवाल मनोज शुक्ला ने भारी पुलिस फोर्स के साथ नगर सहित ग्रामीण क्षेत्रों में भ्रमण किया। राठ सर्किल को कई भागों में बांट अलग-अलग टीमें लगाईं गईं हैं।
बाजार व दुकानों पर पसरा रहा सन्नाटा
हमीरपुर। शनिवार को मुख्यालय सहित क्षेत्र की बाजारों व दुकानें तो खुली रहीं, लेकिन दुकानों में सुबह सन्नाटा पसरा रहा। दुकानदार भी मोबाइल और टीवी पर अयोध्या मामले की सुनवाई देखते रहे। इन लोगों ने कहा कि शनिवार को मुख्यालय में सब्जी मंडी सुभाष बाजार का दिन है, लेकिन फैसले को लेकर खरीदार कम आए।
मस्जिद व चौराहों पर तैनात रही पुलिस
हमीरपुर। फैसले की सुनवाई के दौरान मुख्यालय सहित क्षेत्र में पुलिस बल तैनात रहा। सभी मस्जिदों के बाहर प्रशासन ने सिपाहियों को तैनात कर दिए हैं। इसी प्रकार रमेड़ी चौराहा, विद्या मंदिर, देवादास मंदिर, सुभाष बाजार, अस्पताल रोड, अकिल तिराहा, रानी लक्ष्मी पार्क, बस स्टैंड, अमन शहीद, कालपी चौराहा, सैय्यदबाड़ा, सूफीगंज सहित अन्य जगहों पर पुलिस मुस्तैद रही।
सवारियों का इंतजार करते रहे
मौदहा। शनिवार को फैसले की सुनवाई को लेकर सन्नाटे का माहौल रहा। घरों में लोग टीवी के आगे बैठकर फैसला सुनने में लगे रहे। जिससे रोडवेज बस स्टैंड में बसों, डग्गामार वाहन, ई रिक्शा चालक सवारियों की तलाश में भटकते रहे। दोपहर बाद करीब तीन बजे तक भी सड़कों में दो चार लोग चलते नजर आए।
फैसले का सभी ने किया सम्मान
मौदहा। अयोध्या मामले पर फैसला आने के बाद कस्बे का माहौल सामान्य रहा और आवागमन सहित बाजार में खासी भीड़ भाड़ रही। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर कस्बे में लगातार अधिकारी रूट मार्च करते रहे। एडीएम विनय प्रकाश श्रीवास्तव व एएसपी एसके सिंह मौजूद रहे। कस्बे को संवेदनशील की श्रेणी माना जाता है। शांति व्यवस्था को लेकर एडीएम, एएसपी, एसडीएम, सीओ ने पिछले दिनों कई बार पीस कमेटी की बैठक की। जिसमें वह अयोध्या मामले में न्यायालय के फैसले का सम्मान करने की अपील कर चुके हैं। सभी वर्गों के लोगों ने प्रशासन को विश्वास दिलाया कि वह कस्बे में अमन बनाए रखते हुए प्रशासन का पूरा सहयोग करेंगे। शनिवार की सुबह नौ बजे कस्बे के बाजार होटलों व मार्गों में पुलिस अधिक नजर आई। 10 बजे तक आवागमन सामान्य हो गया और चहल पहल भी बढ़ गई।
ड्रोन कैमरे से हुई शहर की निगरानी
हमीरपुर। पुलिस लाइन में शनिवार को फैसले की सुनवाई को लेकर फायर बिग्रेड के सीओ राहुल पाल मुख्यालय में ड्रोन कैमरे से नजर रखे रहे। उन्होंने कहा कि अराजकतत्वों पर निगरानी करने के लिए ड्रोन कैमरे से निगरानी की जा रही है। जिससे किसी प्रकार का संदेह होने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि सभी तहसीलों में एक एक फायर बिग्रेड वाहन भी खड़े कराए हैं।
शांति बनाए रखने की डीएम व एसपी ने की अपील
हमीरपुर। जिलाधिकारी ज्ञानेश्वर त्रिपाठी व एसपी श्लोक कुमार ने सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद शहर में रूट मार्च किया। साथ ही शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए कहा। अधिकारियों ने संयुक्त रूप से बताया कि प्रशासन की ओर से सुरक्षा व्यवस्था के पूरे इंतजाम किए गए हैं। अराजकतत्वों पर ड्रोन कैमरे व सोशल मीडिया से निगरानी की जा रही है। कहा कि सभी चौराहों व मस्जिदों में सिपाही तैनात हैं। उन्होंने अपील की है कि किसी भी प्रकार की अफवाह न फैलाएं।
मंदिर-मस्जिद नहीं बच्चों के पेट भरने की है चिंता
राठ। कस्बे के परमानंद चौराहे पर दूर दराज के ग्रामीण क्षेत्र के मजदूर काम की तलाश में जुटते हैं। शनिवार सुबह प्रतिदिन की तरह मंदिर मस्जिद मुद्दे से बेखबर मजदूर रोजगार की तलाश में पड़ाव चौराहे पर एकत्रित हुए। जहां से दोपहर तक अपने अपने कामों पर चले गए। उमन्नियां गांव के रहमान कहते हैं कि उनके लिए काम ही सब कुछ है। काम नहीं करेंगे तो बच्चों का पेट कैसे भरेगा।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें