हमीरपुर। जिले में कोरोना संक्रमण ने फिर दस्तक दे दी है। शनिवार को पांच नए मरीज मिले हैं। अब जिले में एक्टिव केस की संख्या छह हो गई है। करीब चार माह बाद केस मिलने के साथ ही स्वास्थ्य महकमा अलर्ट हो गया है। सीएमओ ने सभी सेंटरों पर कोविड की जांच बढ़ाने के निर्देश दिए हैं।
जिले से स्वास्थ्य विभाग ने कोरोना संदिग्धों के सैंपल जांच के लिए लखनऊ के किंग जार्ज मेडिकल कालेज भेजे थे। सैंपलों की जांच रिपोर्ट शनिवार को आई। इसमें पांच मरीज पॉजिटिव मिले हैं। इसमें हमीरपुर शहर निवासी शकील (43), सुमेरपुर ब्लॉक के सूरजपुर निवासी नरेंद्र कुमार (50), ब्लॉक राठ के टोला रावत निवासी पिंकी (20), मुस्करा ब्लॉक के गहरौली निवासी शिवांसी (20) और इसी ब्लॉक के बिहुनी कला निवासी मुन्ना (31) शामिल हैं। सीएमओ डॉ.एके रावत ने बताया कि मरीजों को होम आइसोलेट कर इलाज शुरू करा दिया गया है। केस हिस्ट्री की जानकारी की जा रही है। संक्रमितों के संपर्क में आने वालों की जांच कराई जा रही है।
विधायक समेत कई ने संक्रमित दुल्हन को दिया था आशीर्वाद
गहरौली। गहरौली निवासी संक्रमित दुल्हन शिवांसी को राठ विधायक, भाजपा जिलाध्यक्ष समेत पार्टी के कई बड़े नेताओं और अफसर ने 11 दिसंबर को हुए सामूहिक विवाह समारोह में आशीर्वाद दिया था। सामूहिक विवाह समारोह के दिन सभी सभी जोड़ों का सैंपल लेकर कोविड जांच के लिए लखनऊ भेजा गया था। इसकी रिपोर्ट शनिवार को आई, जिसमें दुल्हन की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है।
मुख्य अतिथियों के रूप में भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष कुंवर मानवेंद्र सिंह, विधायक मनीषा अनुरागी, जिला पंचायत अध्यक्ष जयंती राजपूत,नपा अध्यक्ष श्रीनिवास बुधौलिया, भाजपा जिलाध्यक्ष बृजकिशोर गुप्ता और जिला प्रभारी रंजन उपाध्याय समेत कई अफसर मौजूद थे। ऐसे में इन सभी के संक्रमित होने की भी आशंका है। सीएचसी प्रभारी डॉ.वीरेंद्र कुमार राजपूत ने बताया कि शिवांसी के संपर्क में आने वालों की आरटीपीसीआर जांच के लिए स्वास्थ्य कर्मियों की टीम को पुलिस के साथ भेजा गया है।