शहर में दवा का छिड़काव करते पालिका कर्मी।
- फोटो : HAMIRPUR
हमीरपुर। लोक निर्माण विभाग (प्रांतीय खंड) के अधिशासी अभियंता की कोरोना से मौत हो गई। वहीं आठ लोग और संक्रमित मिले हैं। कोरोना संक्रमण के कई नए मामले और सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों में हड़कंप मचा है। जिले में कोरोना से अब तक दस लोगों की मौत हो चुकी है। इसमें दंत चिकित्सक और भाजपा नेता भी शामिल हैं।
एसीएमओ डॉ. एमके बल्लभ ने बताया लोक निर्माण विभाग (प्रांतीय खंड) के अधिशासी अभियंता की कोरोना पाजिटिव रिपोर्ट आने पर 21 जुलाई को कानपुर भेजा गया था। उनका वहां इलाज चल रहा था।
एसीएमओ ने बताया उनके निधन की खबर मिली है। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की बैठक में मंथन चल रहा है। उन्होंने बताया कोरोना के कई और नए मामले सामने आए हैं। अधिशासी अभियंता लोनिवि प्रांतीय खंड की कोरोना से मौत पर प्रशासन भी सकते में है, जबकि विभागीय अभियंताओं व कर्मियों में हड़कंप है। जनपद में इससे पहले भाजपा नेता व पूर्व चेयरमैन नगर पालिका राठ व दंत चिकित्सक समेत नौ लोगों की कोरोना से मौत हो चुकी है।
वहीं जिले में शनिवार को 224 लोगों की जांच हुई। रैपिड एंटीजेन किट से हुई जांच में आठ लोग संक्रमित मिले। शहर के भिलांवा मोहल्ला निवासी व्यापारी का 13 वर्षीय बेटा पॉजिटिव निकला है। वहीं सुमेरपुर में 7 संक्रमित निकले हैं। जिले में कुल संक्रमितों की संख्या 333 पहुंच गई है। जिसमें 175 निगेटिव हो चुके हैं। सीएमओ डा. आरके सचान ने बताया कि शहर के भिलांवा मोहल्ला निवासी व्यापारी के पुत्र की रिपोर्ट शुक्रवार को पॉजिटिव आई थी। अगले दिन उनके दूसरे बेटे की रिपोर्ट पाजिटिव आई है।
एल-वन हास्पिटल में फैली रहती गंदगी
भरुआसुमेरपुर। नोडल अधिकारी की फटकार के बाद शुरू किए गए राजकीय पॉलिटेक्निक कालेज के छात्रावास में एल-वन हास्पिटल की व्यवस्थाएं पटरी पर आने लगी हैं। शुक्रवार को शाम शुरू की गई रसोई से मरीजों को ताजा भोजन मुहैया कराया गया। शनिवार को समय पर चाय नाश्ता व दोपहर का भोजन परोसा गया। लेकिन छात्रावास में फैली गंदगी से मरीज परेशान हैं। सफाई की व्यवस्था बेहद कमजोर है।
बतादें राजकीय पॉलिटेक्निक कालेज के छात्रावास को कोविड-19 एल-वन हास्पिटल के रूप में विकसित किया गया है। गुरुवार से शुरू हुए इस हास्पिटल के नोडल अधिकारी की जिम्मेदारी बालरोग विशेषज्ञ डा. आशुतोष निरंजन को दी गई है। गुरुवार रात में खाना न मिलने पर कुछ मरीजों ने जमकर हंगामा किया था। हास्पिटल के नोडल अधिकारी डा. आशुतोष निरंजन ने बताया सफाई के लिए नौ सफाई कर्मी मांगे गए थे। लेकिन उन्होंने कार्य करने से मना कर दिया है। संवाद