मौदहा (हमीरपुर)। नगर पालिका परिषद मौदहा में सीसी सड़क निर्माण को लेकर सभासद व ठेकेदार के बीच विवाद गहराता जा रहा है। अब तो दोनों आमने-सामने आ गए। बात अधिकारियों से शिकायत तक पहुंच गई। गाली गलौज का वीडियो भी इंटरनेट की सोशल साइट पर वायरल हो रहा है। हालांकि वायरल वीडियो की संवाद न्यूज एजेंसी पुष्टि नहीं करता।
नगर के वार्ड नंबर-9 निजामपुरा में करीब 16 लाख रुपये की लागत से पक्की सड़क का निर्माण हो रहा है। समाजवादी पार्टी के सभासद मुहम्मद रमजानी ने उपजिलाधिकारी को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि हामिद हॉस्पिटल के पीछे करिया के मकान से लाइक के मकान तक 195 मीटर लंबी व 5.55 मीटर चौड़ी सीसी सड़क का निर्माण कार्य कराया जा रहा है। निर्माण की लागत करीब 16.29 लाख रुपये है। यह कार्य नगर पालिका परिषद में पंजीकृत चांद कॉन्ट्रेक्स के प्रोपराइटर मुजीबुर्रहमान को दिया गया है।
सभासद का आरोप है कि क्षेत्रीय लोगों की शिकायत पर जब उन्होंने निर्माण स्थल का निरीक्षण किया तो कार्य में घटिया सामग्री का प्रयोग और मानकों की अनदेखी मिली।
अवर अभियंता आदित्य प्रताप का कहना है कि निर्माण कार्य मानक के अनुरूप है। उन्होंने सभासद पर ही ठेकेदार से अनुचित मांग करने का आरोप लगाया। साथ ही कहा कि मामले की जांच कराई जाएगी।
नाला सफाई में हो चुकी आठ पर कार्रवाई
नगर में पूर्व में भी घटिया निर्माण और अधिकारियों के कार्यशैली को लेकर सवाल उठते रहे हैं। उल्लेखनीय है कि पिछली पंचवर्षीय में करीब 55 लाख रुपये के नाला सफाई घोटाले के मामले में तत्कालीन आईएएस संजय मीणा की जांच में चेयरमैन समेत आठ अधिकारियों को दोषी पाया गया था और उनके खिलाफ भ्रष्टाचार का मुकदमा दर्ज कराया गया था।